- डीएम की अध्यक्षता में निकाय चुनाव सम्बंधी बैठक आयोजित
जनवाणी संवाददाता |
शामली: गुरुवार को कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम जसजीत कौर ने मतदान कार्मिकों, बूथों की स्थिति, वाहन व्यवस्था, रूट चार्ट एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में समस्त संबंधित के दायित्वों को विस्तार से समझाया। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा अब तक किए गए कार्यों के समीक्षा करते हुए चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने के लिए आवश्यक तैयारी को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट तथा आरओ तथा एआरओ आदि की नियुक्तियां भी समय से करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कभी भी अचार संहिता लग सकती है इसलिए नगर निकाय चुनाव को संपन्न करने के लिए जिसको जो दायित्व सौंपा गया है वह उसके अनुसार अपनी कार्रवाई सुनिश्चित कर ले, ताकि व्यवस्था दुरुस्त रहें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, उपायुक्त स्वत रोजगार शैलेन व्यास, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अश्वनी कुमार शर्मा, तहसीलदार कैराना प्रियंका जायसवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह समेत समस्त सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

