- जारी है एक ही परिवार के कई सदस्यों के संक्रमित होने का सिलसिला
- अशोक वाटिका प्रभात नगर का एक साल का मासूम भी संक्रमित
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सेना और पुलिस में एक बार फिर से कोरोना ने दस्तक दी है। वहीं, दूसरी ओर बुधवार को संक्रमण के 103 नए केस मिले हैं, जबकि तीन संक्रमित मरीजों की मौत भी हो गयी है।
कैंट के कई इलाकों में एकाएक संक्रमण के मामलों में तेजी देखी गयी है। हालांकि ज्यादा मामले शहर और देहात इलाकों से आए हैं।
सीएमओ डा. राजकुमार की ओर से जारी किए गए अपडेट में 103 नए संक्रमितों की जानकारी दी गयी है। इसके साथ ही जनपद में संक्रमितों की कुल संख्या अब 6546 जा पहुंची है।
जबकि तीन संक्रमितों की मौत के साथ मरने वालों का आंकड़ा अब 166 हो गया है। इनके अलावा 1651 एक्टिव केस हैं। जिनका मेडिकल समेत दूसरे अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
810 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। 3133 टेस्ट के साथ ही टेस्ट के लिए भेजे जाने वाले सैंपलों की संख्या अब 215463 पर जा पहुंची है। नए संक्रमितों में बड़ी संख्या में ऐसे भी केस हैं, जो एक ही परिवार से जुड़े हैं। इनमें मीनाक्षी मवाना रोड निवासी एक ही परिवार के सदस्य हैं।
दो संक्रमित सेना में मिले हैं। इनके अलावा सेना की इनफेन्ट्री डिवीजन से भी एक जवान संक्रमित मिला है। सेना से संबंधित दो अन्य केस भी आए हैं।
मिलिट्री हॉस्पिटल से तीन संक्रमित पहुंचे हैं। थाना परतापुर का पुलिसकर्मी भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शिव शक्तिपुरी शारदा रोड निवासी एक ही परिवार के दो सदस्य संक्रमित हैं। रोहटा रोड गोकुल विहार के एक ही परिवार के तीन सदस्य संक्रमण की चपेट में आए हैं।
कैंट के बीआई लाइंस निवासी एक ही परिवार के एक महिला सहित तीन लोग संक्रमित हैं। पुलिस लाइन सीएमओ कैंपस में भी संक्रमण का केस मिला है। कैंट के लालकुर्ती हंडिया मोहल्ला बड़ा बाजार व बैंकर स्ट्रीट सदर बाजार निवासी कारोबारी संक्रमित पाए गए हैं।
कैंट के सदर दाल मंडी, धर्मपुरी व नूनिया मोहल्ला में भी केस मिला है। तीन केस थापर नगर में मिले हैं। सिविल लाइन के साकेत नंगला बट्टू में एक बार फिर संक्रमण का केस आया है।
इसी तर्ज पर माधवपुरम में भी संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। सरस्वती लोक कालोनी में भी केस मिलने जारी है। टीपीनगर इलाके में संक्रमण पर लगाम नहीं लग सकी है। यहां गुप्ता कालोनी व नंदन नगर में केस मिले हैं। रोहटा रोड एकता नगर, किशनपुरा बागपत रोड केस मिले हैं।
माधवपुरम, कोतवाली के चाहशोर मोरीपाड़ा, पीएल शर्मा रोड बेगमबाग में दो केस। शास्त्रीनगर, जागृति विहार और गंगानगर में भी केसों की चेन बनी हुई है।
ब्रह्मपुरी मास्ट कालोनी में भी एक बार फिर केस मिला है। इंचौली, सरधना व मवाना कस्बा तथा रुड़की रोड पल्लवपुरम डबल स्टोरी इलाके में भी संक्रमण के केसों का सिलसिला बना हुआ है।
इनकी हुई मौत
कोरोना संक्रमण के चलते तीन मौतों की जानकारी दी गयी है। इनमें रेलवे रोड भटीपुरा निवासी 50 वर्षीया महिला, सिविल लाइन के विजय नगर निवासी 61 वर्षीय पुरुष व सदर बाजार निवासी 53 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। इनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

