- परिवारों में बन रही संक्रमण की चेन बनी मुसीबत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: खरखौदा के गांव अतराड़ा में कोरोना के बडे हमले से गांव वालों में ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। एक ही गांव में संक्रमण के इतनी बड़ी संख्या में केस मिलने को स्वास्थ्य विभाग के अफसर बेहद गंभीर मान रहे हैं। इस डर की वजह देहात के इलाकों में संक्रमण से बचाव के तरीकों के प्रति लापरवाही है।
वहीं, दूसरी ओर शनिवार को मेरठ में संक्रमण के 154 नए केस मिले हैं। इनको मिलाकर संक्रमितों की कुल संख्या अब 9708 जा पहुंची है। संक्रमण से दो मरीजों की मौत के साथ ही मरने वालों का आंकड़ा 238 पर जा पहुंचा है। स्वास्थ्य विभाग अब तक 266116 सैंपल टेस्ट करा चुका है।
शनिवार को 4251 सैंपल टेस्ट के लिए भेजे गए थे। जनपद में एक्टिव केसों की संख्या 2056 है। 1075 संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के जिला सर्विलांस अधिकारी डा. विश्वास चौधरी की ओर से शनिवार रात को जारी कोरोना अपडेट में 154 नए संक्रमित मरीजों की जानकारी दी गयी। इनमें बड़ी संख्या खरखौदा के गांव अजराड़ा की है, जहां संक्रमण के कुल 17 केस मिले हैं।
लिसाड़ीगेट के प्रहलाद नगर में एक ही परिवार के छह संक्रमित पाए गए हैं। इससे पड़ोसियों में खौफ है। कंकरखेड़ा के श्रद्धापुरी में एक ही परिवार के तीन सदस्य संक्रमित हैं। सिविल लाइन के विजय नगर इलाके में भी एक ही परिवार के तीन संक्रमित पाए गए हैं। सेक्टर तीन शास्त्रीनगर एक ही परिवार के दो केस।
लालकुर्ती के बाउंड्री रोड एक ही परिवार के दो सदस्य। लालकुर्ती के बेगमबाग में पुलिस कर्मी समेत दो केस। जय भीम नगर उत्तराखंड कालोनी एक ही परिवार के दो सदस्य। कल्याणगढ़ी एक ही परिवार में दो सदस्य। लोहिया नगर व कोतवाली के तीरगरान मंदिर के समीप एक ही परिवार के दो-दो सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा पूरा शहर में भी संक्रमण के केस मिल रहे हैं।
इनकी हुई मौत
सरधना: क्षेत्र में कोरोना का कहर तेजी से बढ़ रही है। सरधना में अब सात लोगों की कोरोना के चलते मौत हो चुकी है। इसके अलावा करीब 200 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। बीते शुक्रवार को नगर में एक युवक की कोरोना के चलते मौत हो गई थी। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 120 लोगों की जांच कराई गई। अच्छी बात ये रही कि सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। कोरोना से मरने वाले युवके परिवार के सदस्यों की रिपोर्ट भी निगेटिव रही। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा. राजेश कुमार का कहना है कि 120 लोगों की जांच कराई थी। जितेंद्र का परिवार भी जिसमें शामिल था। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
परीक्षितगढ़ में एक युवक मिला संक्रमित
परीक्षितगढ़: शनिवार को सीएचसी पर एंटीजन से 70 लोगों की जांच की गई। जिसमें एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा. संदीप गौतम ने बताया कि सीएचसी पर शनिवार को एंटीजन किट से 70 लोगों की जांच की गई। जिसमें मोहल्ला मास्टर कॉलोनी मवाना निवासी बिजेन्द्र पुत्र राजाराम कोरोना पॉजिटिव मिले। जिसे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक को घर पर ही आइसोलेशन कर दिया गया। सीएचसी पर आरटीपीसीआर 81 लोगों की जांच के सैंपल मेडिकल अस्पताल भेजे गए हैं।
स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर करने का निर्देश
मेरठ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर जनपद वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर तथा मेरठ की विशेष निगरानी करते हुए इन जिलों की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर किया जाए। उन्होंने कहा कि अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य तथा अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा, संक्रमण से स्वस्थ होने की अपेक्षाकृत कम दर वाले जिलों के जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा जिला चिकित्सालय/मेडिकल कॉलेज के प्रमुखों से नियमित संवाद बनाकर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को यहां एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।

