जनवाणी संवाददाता |
खेकड़ा: राजकीय कृषि बीज भंडार पर प्रधानमंत्री सम्मान निधि के जिस्ट्रेशन में त्रुटि ठीक कराने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी है। कृषि विभाग द्वारा तीन दिवसीय कैम्प लगाकर सम्मान निधि से वंचित रहे किसानों को त्रुटि व नए रजिस्ट्रेशन किए जा रहे है, ताकि वंचित किसानों को भी योजना का लाभ मिल सके।
शासन के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित रहे किसानों के लिए तीन दिवसीय कैम्प लगाया गया है। अभियान के अंतर्गत ऐसे किसानों के रजिस्ट्रेशन किए जा रहे है, जो किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित रह गए हैं।

इसके साथ ही जिन किसानों के बैंक खातों, आधार कार्ड आदि में त्रुटि के कारण उनकी किस्त नहीं आ रही है उनकी त्रुटि को भी कैम्प में ठीक किया जायेगा। कैम्प में रजिस्ट्रेशन कराने व त्रुटि ठीक कराने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
सोमवार से बुधवार तक चलने वाले इस कैम्प में कृषि विभाग द्वारा सभी छुटे हुए किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि से जोड़कर उनकी भी किस्त शुरू कराई जायेगी। राजकीय कृषि बीज भंडार प्रभारी शैलेन्द्र सिंह का कहना है कि बीज भंडार पर आने वाले सभी किसानों के रजिस्ट्रेशन व त्रुटि ठीक की जायेगी।
बुधवार को कैम्प के समापन के बाद इसकी साइट बंद हो जायेगी। किसान अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रजिस्ट्रेशन व त्रुटि ठीक करा लें। इस अवसर पर राजपाल, धर्मेंद्र, मनोज, राज सिंह, नरेंद्र, मुनेश, रामभुल, श्योराज, ऋषिपाल सिंह, राकेश कुमार, गुलशन, भोपाल, आदि किसान मौजूद रहे।

