जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ ने अब तेज रफ्तार पकड़ ली है। इसके असर से देश के कई तटीय राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बढ़ गया है। भारतीय मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा के मद्देनज़र स्कूल-कॉलेज बंद, कई ट्रेनें और फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात मोंथा वर्तमान में बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में सक्रिय है और अगले 24 घंटों में इसके गंभीर चक्रवात का रूप लेने की संभावना है। तटीय इलाकों में 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं।
कई ट्रेनें और उड़ानें रद्द
चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए विशाखापत्तनम से जाने वाली करीब 43 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी विशाखापत्तनम से गुजरने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। सोमवार को दिल्ली-विजाग की एक उड़ान को भुवनेश्वर डायवर्ट किया गया। विजवाड़ा एयरपोर्ट पर भी कई सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
इन जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुवल्लूर, रानीपेट और कांचीपुरम में सोमवार को भारी बारिश हुई। चेन्नई और तिरुवल्लूर में तो स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई हैं। वहीं ओडिशा में भी हाई अलर्ट लागू है। ओडिशा के मलकागिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, गजपति, गंजम, कालाहांडी, कंधमाल जैसे जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। प्रभावित जिलों से हजारों लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर स्थानांतरित किया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 140 के करीब टीमें तैनात की गई हैं और स्कूलों और आंगनबाड़ी में 30 अक्तूबर तक छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
घरों में रहने की दी सलाह
मौसम विभाग भुवनेश्वर की निदेशक ने कहा, ‘चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मोंथा अब पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है और गोपालपुर से लगभग 550 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में है। इसके उत्तर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और आज एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल चुका है और यह उत्तर उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ना जारी रखेगा और आज शाम या रात के दौरान काकीनाडा के आसपास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना है। ओडिशा के लिए, गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट, मलकानगिरी, नबरंगपुर और कालाहांडी के लिए रेड अलर्ट जारी की गई है जहां बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। आम लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है।’

