- दबंगों पर जातिसूचक शब्द से अपमानित करने व गाली-गलौज करने का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: घर में घुसकर मारपीट करने और आये दिन गाली गलौच तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के आरोप लगाते हुए एक दलित परिवार ने मंगलवार को डीएम कार्यालय पर धरना दिया। इस परिवार ने डीएम को दिये प्रार्थना पत्र में पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कोई भी कार्यवाही नहीं करने के आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार की है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव गडवाडा निवासी मथन सिंह पुत्र सुरेश पाल दलित मंगलवार को अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ कलक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय पर पहुंचा और यहां अपनी समस्या को लेकर धरना दिया। मथन सिंह ने डीएम के नाम दिये प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका भाई अजय कुमार बाहर रहकर मजदूरी करता है।
जब भी अजय गांव में आता है तो गांव निवासी योगेश कुमार व बबलू पुत्रगया जगमेर तथा रवि पुत्र जयवीर अजय के साथ मारपीट करते हैं तथा जान से मारने की धमकी देते है। मथन ने बताया कि 7 अगस्त 2021 से अजय कुमार घर आया हुआ है। 28 अगस्त 2021 को समय करीब 10 बजे रात्रि में अजय कुमार व हम अपने घर पर सो रहे थे कि तभी योगेश, बबलू व रवि अपने हाथों में तमंचा लेकर हमारे घर घुस आये।
अजय को गाली देकर गोली मारने की धमकी देने लगे। शोर शराबा सुनकर बहुत से लोग भी आ गये। सभी के सामने आरोपियों ने मथन सिंह के परिवार को गांव से निकालने और जान से मारने की धमकी दी। मथन के अनुसार ये लोग कई बार इस तरह से हमला कर अपमानित और भ्रयभीत कर चुके हैं। मथन ने डीएम से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाकर कार्यवाही कराने की गुहार की है।

