जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: कस्बे में प्रतिदिन बेरोकटोक लग रही आड़त से गाजीपुर मंडी में जाकर फूल बेचने वाला व्यक्ति संक्रमित होकर मौत के मुंह में समा गया। कोरोना से हुई मौत के बाद कस्बे में हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के चलते फलावदा में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
जानकारी के मुताबिक जिले में नाइट कर्फ्यू के बावजूद प्रतिदिन सरेराह सब्जी व फूल की आड़त गुलजार हो रही है। पुलिस बेखबर बनी हुई है।कस्बे से सब्जी फूल बेचने वाले कई लोगों का प्रतिदिन दिल्ली आवागमन हो रहा है। इस आवागमन के चलते गत दिवस फलावदा के मोहल्ला कानी पट्टी निवासी धरमवीर मंडी में संक्रमित हो गया।
करीब 40 वर्षीय धर्मवीर की तबीयत खराब होने पर कोरोना की जांच कराई तो जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तत्पश्चात डॉक्टरों की टीम ने उसे मवाना अस्पताल में भर्ती करा दिया है। बताया गया है कि मवाना से उसे मेरठ के एक प्राइवेट अस्पताल में बनाए कॉल सेंटर पर भर्ती कर दिया गया। उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
आखिरकार उसने गुरुवार को दम तोड़ दिया। परिजन मृतक धर्मवीर के शव को लेकर फलावदा पहुंच गए तथा उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कोरोना संक्रमण से हुई इस मौत के बाद कस्बे में हड़कंप की स्थिति हो गई। लोग सहमे हुए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासनिक लापरवाही के चलते नगर में जगह-जगह भीड़ एकत्र हो रही है नाइट कर्फ्यू बेमानी साबित हो रहा है। लापरवाही के चलते कस्बे में संक्रमण का खतरा बना हुआ है।

