- घर बैठे चंद रुपयों में मिल रही डिप्लोमा, डिग्री!
- एक सप्ताह के भीतर ओरिजिनल आन रिकॉर्ड डिग्री देने का दावा
जनवाणी संवाददाता |
सरूरपुर: डिग्रियां बिक रही हैं बोलो खरीदोगे? सोशल मीडिया पर आजकल डिग्रियां बिकने की बोली लगी हुई है। बिना पढ़े घर बैठे चंद दिनों में ही किसी भी कोर्स की कुछ रकम देकर डिग्री या मार्कशीट हासिल की जा सकती हैं। सोशल मीडिया पर चल रहे इस तरह के मैसेज को लेकर सरकार और साइबर सेल गंभीर नहीं है। ऐसे में फर्जी काम करने वालों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं।
दरअसल, पिछले काफी समय से सोशल मीडिया के प्लेटफार्म फेसबुक, इंस्टाग्राम वाट्सएप पर कुछ लोग मैसेज डालकर सभी प्रकार की डिग्री चंद दिनों और कुछ रुपए में देने का दावा करने का पोस्ट डाल रहे हैं। इस तरह की तमाम पोस्ट सोशल मीडिया के कई अकाउंट पर देखी जा सकती है। जिसमें दसवीं क्लास से लेकर बीएड तक की डिग्री एक सप्ताह के भीतर ओरिजिनल बनाकर देने का दावा किया जाता है। इसकी एवज में अच्छी-खासी रकम जरूर यह लोग वसूल रहे हैं। सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल में गवर्नमेंट आईटीआई आॅल ट्रेड्स, बीटेक, बीसीए,बीबीए, सीसीसी सर्टिफिकेट, एनएसआईटी सर्टिफिकेट, बीए, एमए, डीफार्मा, बीफार्मा, बीएससी, एमएससी बीएड के अलावा 10वीं और 12वीं की किसी भी बोर्ड की मार्कशीट तैयार करके दी जाती है।
इसकी एवज में मैसेज वायरल करके एक सप्ताह के भीतर ओरिजिनल 100 प्रतिशत मार्कशीट देने का दावा भी किया जाता है। इस तरह के भ्रामक मैसेज के जरिए लोगों को फर्जी डिग्री थमा कर मोटी रकम हासिल करने का अवैध धंधा काफी समय से चल रहा है। इस मामले में रिपोर्टर ने जांच पड़ताल के लिए जब एक सोशल मीडिया की साइट से लिए गए नंबर पर जब कांटेक्ट किया तो दसवीं क्लास की मार्कशीट और 12वीं की मार्कशीट के अलग-अलग रेट बताए और एक सप्ताह के भीतर ओरिजिनल आॅन रिकॉर्ड बनाकर देने का दावा भी किया गया। वह भी किसी भी बोर्ड का। यही नहीं चंद दिनों चंद रुपयों के बदले में मार्कशीट और डिग्री 100% ओरिजिनल बनाकर देने का ठोकर दावा किया जाता है। सरकार और साइबर सेल से बेखोफ, बेखबर होकर वाट्सएप पर ग्रुप बनाकर और कॉलिंग नंबर तक भी शेयर किया जा रहे हैं।
इन डिग्रियों के हैं ये रेट
गवर्नमेंट आईटीआई आॅल ट्रेडस 1200
बीटेक 22000
बीसीए 12000
सीसीसी सर्टिफिकेट एन आईईएलआईटी 4000 से 7000
बीए मार्कशीट 12000
डीफार्मा, बीफार्मा 25000 से 30000
बीएससी, एमएससी बीएड 15000 से 30000
10वीं, 12वीं किसी भी बोर्ड की 8000 से 10000

