- बंद रहेगी गंगनहर, वार्षिक नहरबंदी के दौरान सिंचाई विभाग द्वारा की जाएगी रजवाहों-माइनरों की सिल्ट सफाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिल्ली जल बोर्ड के अलावा मेरठ समेत कई जिलों को 18 दिन के लिए गंगाजल उपलब्ध नहीं हो सकेगा। आगामी 24 व 25 अक्टूबर की मध्य रात्रि से 11 व 12 नवम्बर की मध्य रात्रि तक गंगनहर में गंगाजल की आपूर्ति नहीं की जाएगी। क्योंकि वार्षिक नहरबंदी के दौरान सिंचाई विभाग द्वारा राजवाहों एवं माइनरों की सिल्ट सफाई के अलावा रेगूलेलट की मरम्मत के कार्य किए जाएंगे।

अधिशासी अभियन्ता मेरठ खण्ड गंगनहर नीरज लाम्बा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद एवं हापुड़ के अन्तर्गत आने वाले रजवाहों-माइनरों की वित्तीय वर्ष 2023-24 में रबी-1431 फसली के लिए सिल्ट सफाई का कार्य आगामी 24 व 25 अक्टूबर की मध्य रात्रि से 11 व 12 नवम्बर की मध्य रात्रि तक वार्षिक नहरबन्दी के दौरान किया जाना प्रस्तावित है। इस दौरान चित्तौड़ा और सलावा रेगूलेटर की मरम्मत भी की जाएगी। इस दौरान दिल्ली-मेरठ के अलावा मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद व हापुड़ को गंगाजल उपलब्ध नहीं हो सकेगा।
यहां करें सिल्ट सफाई संबन्धित शिकायत, दें सुझाव
अधिशासी अभियंता नीरज लाम्बा ने बताया राजवाहों व माइनरों की सिल्ट सफाई सम्बन्धित कोई भी शिकायत या सुझाव कार्यालय में उपस्थित होकर या दूरभाष संख्या 0121-2972867 पर दिये जा सकते हैं। शिकायत मिलने पर आवश्यक एवं क ड़ी कार्रवाई करते हुए शिकायत का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा सुझावों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
नहरों पर अतिक्रमण, अवैध सिंचाई रोकने को चलेगा अभियान
अधिशासी अभियंता नीरज लाम्बा ने बताया कि विभागीय अभियन्ता सभी नहरों-कुलाबों पर अतिक्रमण, नहर कटान एवं अवैध सिंचाई का विवरण अपने पास रखेंगे। नहरों पर अतिक्रमण नहर कटान एंव अवैध सिंचाई को रोकने के लिए अभियान चलाकर कड़ाई से कार्रवाई की जायेगी।
कार्यस्थल पर शिकायत एवं सुझाव के लिए रजिस्टर उपलब्ध रहेगा, जिस पर शिकायत एवं सुझाव दर्ज किये जाएंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं कृषकों से विभाग द्वारा कराये जा रही सिल्ट सफाई के कार्य संबन्धित सुझाव कार्यालय में उपस्थित होकर या दूरभाष के माध्यम से उपलब्ध कराने की अपील की है। ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।

