जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली की हवा एक बार फिर से जहरीली होती जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी आज सुबह की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी के कई क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया है। रोहिणी, मुंडका, बवाना, वजीरपुर और नरेला जैसे इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक माना जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस स्तर का प्रदूषण न केवल अस्थमा और सांस की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए खतरनाक है, बल्कि सामान्य व्यक्तियों के फेफड़ों और हृदय पर भी गंभीर प्रभाव डाल सकता है। अत्यधिक प्रदूषित हवा से आंखों में जलन, गले में खराश, सिरदर्द, थकान और लगातार खांसी जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं।
कहां कितना एक्यूआई
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, आज सुबह राजधानी दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 416, अशोक विहार में 412, आया नगर में 343, बवाना में 431, बुराड़ी में 404, डीटीयू में 417, द्वारका में 369, आईटीओ में 381, जहांगीरपुरी में 433, मुंडका 434, नजफगढ़ में 353, पंजाबी बाग में 381, रोहिणी 423, आरकेपुरम 402, वजीरपुर में 442 दर्ज किया गया है।
आज सुबह इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आस-पास के इलाके में जहरीले स्मॉग की एक परत छाई हुई थी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, इलाके के आस-पास एक्यूआई 331 दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है।
400 पार पहुंचा गाजियाबाद में एक्यूआई
गाजियाबाद में भी एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, इंदिरापुरम में 413 एक्यूआई दर्ज किया गया है। लोनी में 470, संजय नगर में 443, वसुंधरा में 398 एक्यूआई दर्ज किया।
नोएडा का एक्यूआई भी 400 से ज्यादा
नोएडा में भी कई इलाकों में 400 से ज्यादा एक्यूआई पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सेक्टर 125 में 438, सेक्टर 62 इलाके में 334, सेक्टर 1 में 399 और सेक्टर 116 इलाके में 430 एक्यूआई दर्ज किया गया है।
इतना दर्ज किया गया गुरुग्राम में एक्यूआई
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, गुरुग्राम के एनआईएसई ग्वाल पहाड़ी में 321 एक्यूआई दर्ज किया गया है। सेक्टर 51 इलाके में 354, टेरी ग्राम में 228, विकास सदन में 270 एक्यूआई दर्ज किया गया है।
फरीदाबाद का एक्यूआई
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, फरीदाबाद के सेक्टर 30 में एक्यूआई 214, न्यू इंडस्ट्रियल टाउन में 296 और सेक्टर 11 में 214 दर्ज किया गया।
जानें एक्यूआई रीडिंग के मानक
एक्यूआई रीडिंग को अच्छा (0-50), संतोषजनक (51-100), मध्यम प्रदूषित (101-200), खराब (201-300), बहुत खराब (301-400), और गंभीर (401-500) श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है।

