जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विभागीय अधिकारियो को निर्देशित किया है कि प्रदेश में नवसृजित, सीमाविस्तारित एवं उच्चीकृत नगरीय निकायों में मूलभूत सुविधाओं के विकास में तेजी लाकर सभी कार्य समय सीमा के भीतर एवं पूर्ण गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाय। उन्होंने कहा कि यहां नागरिकों को पेयजल आपूर्ति, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सड़क निर्माण, मार्ग प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी के लिए नाला व नाली निर्माण, खड़ंजा, सामुदायिक केंद्र, पार्कों, उद्यानों का निर्माण, इंटरलॉकिंग आदि सुविधाएं मुहैया कराई जानी है। सड़कों के निर्माण से पहले विद्युत एवं टेलीफोन के तार अंडरग्राउंड किए जाने हैं। इन सभी कार्यों को सुचारू रूप से पूर्ण करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने राज्य नगरीय विकास अभिकरण और जिला नगरीय विकास अभिकरण द्वारा संचालित आवासीय योजनाओं का निर्माण समय पर कराने के निर्देश दिए।
नगर विकास मंत्री एके शर्मा जल निगम कार्यालय में नगरीय निकायों में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने नवसृजित निकायों और उनमें शामिल नए क्षेत्रों के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ विकास की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी और दीन दयाल उपाध्याय नगरीय विकास योजना को प्राथमिकता दिए जाने पर जोर दिया। साथ ही जनप्रतिनिधियों की तरफ से प्राप्त प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृत करने को कहा। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं में उपलब्ध बजट की समीक्षा की। बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, प्रबन्ध निदेशक जल निगम अनिल कुमार, स्थानीय निकाय निदेशक नेहा शर्मा के साथ अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

