- बनाए नाबाद 88 रन, चेन्नई सुपरकिंग्स को 11 रन से हराया
मुंबई |
वार्ता: आईपीएल 2022 के 38वें मैच में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 11 रन से हराया। चेन्नई के सामने जीत के लिए 188 का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम छह विकेट खोकर 176 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। चेन्नई की ओर से अंबाती रायडू (78) टॉप स्कोरर रहे।
पंजाब किंग्स की 8 मैचों में ये चौथी जीत है। टीम ने अब तक 4 मैच हारे हैं। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स की 8 मैचों में ये छठी हार है। टीम ने अब तक केवल 2 ही मैच जीते हैं। इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग करते हुए पंजाब ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 187 का स्कोर बनाया। शिखर धवन ने सबसे ज्यादा नाबाद 88 रन बनाए। चेन्नई की ओर से ड्वेन ब्रावो 2 विकेट लिए।
शिखर धवन ने बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 46वां अर्धशतक पूरा किया। इस सीजन धवन का ये दूसरा और चेन्नई के खिलाफ 8वां 50 प्लस स्कोर है। उन्होंने 59 गेंदों में नाबाद 88 रन की पारी खेली। आईपीएल के अपने 200वें मैच में किसी भी खिलाड़ी द्वारा खेली गई ये सबसे बड़ी पारी है। शिखर धवन और भानुका राजपक्षे ने बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 71 गेंदों में 110 रन जोड़े।
इस साझेदारी को ड्वेन ब्रावो ने राजपक्षे को आउट कर तोड़ा। वह 32 गेंदों में 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भानुका का कैच एक्सट्रा कवर पर शिवम दुबे ने पकड़ा। इस सीजन पंजाब किंग्स की ये पहली शतकीय साझेदारी रही। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पंजाब की शुरूआत धीमी रही।
पहले विकेट के लिए मयंक अग्रवाल और शिखर धवन ने 35 गेंदों में 37 रन जोड़े। छठे ओवर में महीश तीक्षना ने मयंक (18) को आउट कर उरङ को पहली सफलता दिलाई। पावर प्ले तक पंजाब का स्कोर 37/1 था। टीम ने शुरूआती 36 गेंदों में केवल 2 चौके और 1 सिक्स लगाया। मैच में 2 रन बनाने के साथ ही शिखर धवन ने आईपीएल में अपने 6,000 रन पूरे कर लिए।
विराट कोहली (6402) के बाद आईपीएल में ये रिकॉर्ड बनाने वाले धवन केवल दूसरे खिलाड़ी बने। धवन यही नहीं रुके और अपनी पारी का 11वां रन बनाने के साथ ही टी-20 फॉर्मेट में 9 हजार रन भी पूरे कर लिए। भारत की ओर से 9,000 रन बनाने वाले वह विराट कोहली (10392) और रोहित शर्मा (10048) के बाद तीसरे खिलाड़ी बने।
पंजाब किंग्स के ओपनर शिखर धवन आईपीएल में 200 मैच खेलने वाले 8वें खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले एमएस धौनी (228), दिनेश कार्तिक (221), रोहित शर्मा (221), विराट कोहली (215), रवींद्र जडेजा (208), सुरेश रैना (205) और रॉबिन उथप्पा (201) के नाम आते हैं।

