- ब्रिगेडियर इंटर कॉलेज से रवाना होगी पोंलिंग पार्टियां
- मतपेटियों के लिए बनाया स्ट्रांग रूम, अभेद होगी सुरक्षा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज शामली से ब्लॉक क्षेत्र में पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। रविवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने इंटर कॉलेज में पहुंच कर मतपेटियों के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम, पोलिंग पार्टियों की रवानगी से लेकर मतपेटियों को लेकर वापस आने तक की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी जसजीत कौर व पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने रविवार को शहर के ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम सदर संदीप कुमार व बीडीओ प्रवीण कुमार भी उपस्थित रहे। बताते चले कि 26 अप्रैल को होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शामली ब्लॉक के गांवों में 25 अप्रल को पोलिंग पार्टियों को बिग्रेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज से रवाना जाएगा।
पोलिंग पार्टियों रवाना करने से पहले यही से उन्हें चुनाव के दिन मतदान के लिए उपयोगी सामग्री व मतपेटियों को देकर रवाना किया जाएगा। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि मतदान कार्मिकों को दी जाने वाली निर्वाचन सामग्री निर्धारित सूची के अनुरूप पूरी यह सुनिश्चित कर लिया जाए। एसपी सुकीर्ति माधव ने कहा कि मतपेटियों के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम की अभेद सुरक्षा सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश नहीं होगा। एसडीएम सदर संदीप कुमार ने बताया कि मतदान के बाद सभी मतदान कर्मी कड़ी सुरक्षा में बैलेट पेपरों से भरी मतपेटियां लेकर रवानगी स्थल पर वापस आएंगे। जिसके बाद मतदान पेटियों को कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में रखवा दिया जाएगा। ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज में ही मतगणना होगी।

