जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली – दिवाली के पावन अवसर पर अमेरिका और भारत के शीर्ष नेतृत्व के बीच सौहार्दपूर्ण संवाद हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर दिवाली की शुभकामनाएं दीं और दोनों देशों के बीच मित्रता और साझेदारी को और मजबूत करने की बात कही।
पीएम मोदी ने एक्स पर शेयर की जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बातचीत की जानकारी बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के इस सद्भावनापूर्ण संदेश के लिए उनका आभार जताया और दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच सहयोग की भावना को रेखांकित किया।
ट्रंप ने दिवाली का विशेष समारोह किया आयोजित
वहीं दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दिवाली का विशेष समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्वलन कर भारतीय संस्कृति का सम्मान किया।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “मैं भारत और पूरी दुनिया में दिवाली मना रहे लोगों को दीपों के इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश की, बुराई पर अच्छाई की और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है।”
इस आयोजन में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के कई प्रतिनिधि भी शामिल हुए। यह कार्यक्रम भारत-अमेरिका संबंधों में सांस्कृतिक घनिष्ठता और आपसी सम्मान को दर्शाता है।

