जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। शीतलहर और गिरते तापमान को देखते हुए मथुरा जिले में कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में 14 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश जनपद के सभी परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, वित्तविहीन, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य सभी बोर्डों के नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यालयों पर लागू रहेगा।
बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी आदेश के अनुसार अवकाश अवधि में परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों के कार्मिक बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। साथ ही विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर समय-समय पर जारी होने वाले निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। जिन शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ के रूप में लगी है, वे पूर्व की भांति अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा बुधवार
बुधवार को इस सर्दी का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। गलन भरी ठंड से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। दिन का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण चली बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी। पूरे दिन सूरज बादलों में छिपा रहा, जिससे ठंड का असर और ज्यादा महसूस हुआ।
स्कूलों में अवकाश होने के कारण बच्चे घरों में ही समय बिताते नजर आए, जबकि बुजुर्गों ने ठंड के चलते घर से बाहर निकलने से परहेज किया। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, हालांकि होटल और रेस्तरां में कुछ चहल-पहल देखी गई।
सुबह कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। पांच से सात बजे के बीच हाईवे और यमुना एक्सप्रेस-वे पर दृश्यता कम रही, जिससे वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए। सुबह आठ बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट गया। आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे का असर बने रहने की संभावना है।

