जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: स्कूल अभिभावक संघ के अध्यक्ष कपिल राज शर्मा एडवोकेट एवं सपा नेता ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक संस्था तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि नेताजी के जाने से देश के छात्र युवा वर्ग की आवाज खामोश हो गयी है।
कपिल राज ने नेताजी के छात्रों से लगाव के बारे में बताया कि वर्ष 2003 में मुख्यमंत्री बनने के बाद नेताजी ने प्रदेश में छात्र संघ की बहाली कर चुनाव कराने की घोषणा की थी। मेरठ में 21 वर्ष से छात्र संघ चुनाव नहीं हुये थे उस समय मेरठ के अनेक छात्र नेता महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव कराये जाने की मांग को लेकर आन्दोलन कर रहे थे। मैं उस समय समाजवादी पार्टी की छात्र विंग समाजवादी छात्र सभा, मेरठ का जिलाध्यक्ष था।
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार जब नेताजी पन्त कृषि विश्वविद्यालय, पल्लवपुरम भरत आय थे, तो नेताजी ने आन्दोलनरत छात्रों के प्रतिनिधिमण्डल से मुलाकात की थी। छात्र नेताओं के उस प्रतिनिधिमण्डल में अन्य छात्र नेताओं के साथ में स्वयं भी शामिल था।
मेरठ में छात्र संघ के चुनाव न कराये जाने की शिकायत सुनकर मुलायम सिंह यादव ने उसी समय वहां मौजूद तत्कालीन जिलाधिकारी चन्द्रभानु तथा मण्डलायुक्त राजीव कुमार को बुलाकर एक सप्ताह के अन्दर छात्र संघ चुनाव कराने के निर्देश दिये और कहा यदि कोई समस्या आये तो हमारे छात्रों के अध्यक्ष से सहयोग लो, किन्तु चुनाव हर हाल में कराओ। उसके बाद से ही मेरठ में छात्र संघ की बहाली हुई और छात्र संघ चुनाव हुये।

