नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत सुस्त रही। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 127.02 अंकों की गिरावट के साथ 81,669.13 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 55 अंक टूटकर 24,891.50 पर आ गया। हालांकि बाजार हल्की तेजी के साथ भी देखा गया, लेकिन यह मजबूती टिक नहीं पाई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों में इस समय सतर्कता का माहौल है, जिसका कारण पश्चिम एशिया में इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से इस सप्ताह के अंत में आने वाला ब्याज दर फैसला है। निवेशक फिलहाल किसी भी बड़े दांव से बचते दिख रहे हैं।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से इंडसइंड बैंक, टाटा मोटर्स, टाइटन, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में गिरावट देखी गई। वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी और अदानी पोर्ट्स ने शुरुआती लाभ अर्जित किया।
इसके अलावा मुद्रा बाजार की बात करें तो अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 8 पैसे की मजबूती के साथ 85.96 पर खुला। वहीं विदेशी निवेशकों की गतिविधियों की बात करें तो एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने सोमवार को 2,539.42 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 5,780.96 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
बाजार विशेषज्ञ आने वाले दिनों में भी उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जता रहे हैं, खासकर वैश्विक स्तर पर आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए।

