जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आज सुबह दिल्ली के द्वारका कोर्ट में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब कोर्ट परिसर में बम रखे होने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिससे पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को घटनास्थल पर भेजा गया, जबकि साइबर सेल धमकी वाले ईमेल की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
इसी तरह, गुरुग्राम के 13 निजी स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। बुधवार सुबह यह ईमेल स्कूल प्रबंधन को मिले, जिसके बाद हड़बड़ी में स्कूलों को बंद कर दिया और पुलिस को सूचित किया गया। ईमेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और संबंधित स्कूलों में बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और एसडीआरएफ की टीमें भेजी। जांच दल ने स्कूल परिसरों और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। स्कूलों के कमरों, शौचालयों, मैदानों और गमलों तक की बारीकी से जांच की गई, लेकिन किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला।
फिलहाल, पुलिस उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है जिसने धमकी भरे ईमेल भेजे थे, और उसकी असलियत को जानने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।

