जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रांची क्षेत्रीय कार्यालय ने गुरुवार सुबह झारखंड में एक व्यापक छापामारी अभियान शुरू किया। यह कार्रवाई कोयला चोरी और तस्करी से जुड़े मामलों की जांच को लेकर की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह छापेमारी राज्य के विभिन्न जिलों में फैले कुल 18 स्थानों पर एक साथ की गई।
सूत्रों ने बताया कि इस मामले में कई कारोबारियों और स्थानीय नेटवर्क के नाम सामने आए हैं, जिनमें अनिल गोयल, संजय उद्योग, एलबी सिंह और अमर मंडल प्रमुख हैं। ईडी को संदेह है कि इन लोगों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर कोयले की चोरी और अवैध निकासी की गई, जिसका इस्तेमाल कई चैनलों के माध्यम से तस्करी और अवैध व्यापार में किया गया। जांच अधिकारियों का कहना है कि इन गतिविधियों के कारण सरकार को सैकड़ों करोड़ रुपये का भारी वित्तीय नुकसान हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी में नरेंद्र खड़का, अनिल गोयल, युधिष्ठिर घोष, कृष्णा मुरारी कयाल और अन्य से जुड़े परिसरों को भी शामिल किया गया है। यह छापेमारी शुक्रवार की सुबह से जारी है।
बंगाल में 24 परिसरों में तलाशी अभियान
वहीं, ईडी का पश्चिम बंगाल में 24 परिसरों में तलाशी अभियान चला रहा है। यह अभियान दुर्गापुर, पुरुलिया, हुगली और कोलकाता जिलों में अवैध कोयला खनन, अवैध कोयला परिवहन और कोयला भंडारण से जुड़े मामलों में किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि झारखंड और पश्चिम बंगाल में कोयला माफियाओं के खिलाफ यह संयुक्त कार्रवाई 40 से अधिक परिसरों पर की जा रही है।

