जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: सिवाया टोल प्लाजा पर यात्रियों को सुविधा मिल नहीं रही है और टैक्स बढ़ाकर कंपनी ने फिर से जोर का झटका धीरे से लगा दिया है। यात्री जाम में जूझते हैं और फास्टैग को लेकर परेशान रहते हैं, लेकिन कंपनी को इससे क्या, उन्हे तो हर रोज 30 से 35 लाख रुपये तक टैक्स वसूलना है। सिवाया टोल प्लाजा पर एक जुलाई (आज रात )से टोल शुल्क में वृद्धि हो गई। मेंटीनेंस अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि एनएचएआई के निर्देश पर आज रात से टोल में वृद्ध की जा रही है। कंपनी द्वारा पांच रुपये लेकर 10 रुपये तक वाहनों पर बढ़ाया जा रहा है। इस बार भी लोकल टैक्स नहीं बढ़ाया गया है। लोकल टैक्स 25 रुपये ही रखा गया है। दर बढ़ाने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। लोकल वाहन चालक को शुल्क में राहत दी गई है और लोकल वाहन पर कोई शुल्क नहीं बढ़ाया गया है। पिछले दो साल से इसमें वृद्धि नहीं की गई है। सवाल उठता है कि कंपनी टैक्स तो बढ़ा रहा है, लेकिन टोल से गुजरने वाले हर रोज 40 हजार वाहन स्वामियों को सुविधा क्यो नहीं दे रही है। जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। जाम हर रोज ही लग रहा है। वहां पर लेन में लगकर लाखों का रुपये का तेल खर्च हो जाता है। हालात ऐसे हैं कि फास्टैग स्कैनर भी जवाब दे रहे है, वह भी खराब रहते हैं।
टोल प्लाजा पर लगा जाम, लोग हुए परेशान
एनएच-58 पर स्थित सिवाया टोल प्लाजा पर सोमवार को फिर से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश के कारण दिन भर वाहनों की आवाजाही रही। इसके अलावा फास्टैग की खराब स्थिति होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लगी रही और लोग टोल पर ही वाहन लेकर खड़े रहे। दिन भर लाखों रुपये का तेल भी वाहन सवारों का फुंक गया। टोल पर जाम की समस्या आए दिन बनी रहती है, लेकिन इस समस्या का समाधान अभी तक भी टोल प्रबंधन द्वारा नहीं किया गया है। वीआईपी लाइन भी टोल पर नहीं बनी है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, दूसरी ओर टोल पर कई गुना ज्यादा टोल टैक्स तो वसूला जा रहा है, लेकिन टोल पर जाम की समस्या समाप्त नहीं हो रही है।

