Monday, March 16, 2026
- Advertisement -

राहुल की मेहनत पर पानी फेरती गुटबाजी

Nazariya 1

Tanveer Jafriदेश के सबसे प्राचीन राजनैतिक संगठन कांग्रेस ने जितनी बार विभाजन व विघटन सामना किया है उतना किसी दूसरे राजनैतिक दल को नहीं करना पड़ा। केवल विभाजन ही नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी के जितने अवसरवादी,सत्ता लोलुप व विचार विहीन नेताओं ने दल बदल किया है और पार्टी छोड़ कर इधर उधर गए हैं उतने दल बदलू नेता भी किसी अन्य पार्टी में नहीं मिलेंगे। विगत एक दशक से तो सत्ता ने कांग्रेस विरोध का जो तरीका निकाला है उसे देखकर तो लगता ही नहीं कि कांग्रेस का ‘राजनैतिक विरोध’ किया जा रहा है। बल्कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कांग्रेस विरोध को व्यक्तिगत रंजिश व दुश्मनी के रूप में पेश किया जा रहा है। उदाहरण के तौर पर ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ का नारा देना, कई कांग्रेस शासित सरकारों को डरा धमकाकर या लालच देकर गिराना व अपनी सरकार बनाना,कांग्रेस के अनेक नेताओं को किसी न किसी आरोप में उलझाकर उन्हें हतोत्साहित करने की कोशिश करना, राहुल गांधी की लोकसभा सदस्य्ता रद्द करना, उनसे बांग्ला खाली करवा लेना, उन पर कई जगहों से मुकदमे कायम कराना, चुनाव पूर्व कांग्रेस के खाते फ्रÞीज करवाना, ईडी, सीबीआई आदि का भय दिखाकर अनेक कांग्रेस नेताओं को अपने पाले में लाना, नेहरू गांधी परिवार पर तरह तरह के झूठे लांछन लगाना, स्वयं दस वर्षों से सत्ता में रहने के बावजूद देश की अनेक समस्याओं के लिए नेहरू को जिम्मेदार ठहरना,राहुल गांधी को ‘पप्पू’ साबित करने के लिए करोड़ों खर्च करना व भाजपा आई टी सेल द्वारा तरह तरह के हथकंडे अपनाते हुए कांग्रेस को सनातन विरोधी, हिंदू विरोधी बताना कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण व पाक परस्त होने का दुष्प्रचार करना जैसी तमाम बातें हैं जो इस नतीजे पर पहुंचने के लिए काफी हैं कि भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान शीर्ष नेतृत्व ने कांग्रेस को समाप्त करने में अपनी तरफ से कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी।

सत्तारूढ़ भाजपा के इसी कांग्रेस विरोधी दुष्प्रचार का परिणाम था कि 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस भारतीय इतिहास में अब तक सबसे कम यानी मात्र 52 सीटें ही जीत सकी। और इसी बहाने भाजपा ने कांग्रेस का विपक्ष के नेता के पद का दावा भी स्वीकार नहीं किया। कारण बताया गया कि विपक्ष के नेता के पद का दावा करने के लिए कांग्रेस आवश्यक 10 प्रतिशत सीटें पाने में विफल रही है। उसके बाद राहुल गांधी ने सत्ता से डटकर मुकाबला किया। कई ज्वलंत मुद्दे उठाए। पूरे देश में दक्षिण से उत्तर यानी कन्याकुमारी से श्रीनगर व पूरब से पश्चिम अर्थात मणिपुर से मुंबई तक की 10,000 किलोमीटर से भी अधिक की दूरी तय की। राहुल ने इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात की। उन्हें यह पद यात्रा खासतौर पर इसलिए करनी पड़ी क्योंकि देश का मीडिया सत्ता के आगे दंडवत हो चुका है। मीडिया विपक्ष की आवाज बनना या जनता की आवाज उठाना तो दूर उल्टे विपक्ष को ही कटघरे में खड़ा करने की कोशिश में लगा रहता है। मुख्य धारा का कहा जाने वाला यही मीडिया है जिसने राहुल को पप्पू साबित करने में भाजपा व उसके आईटी सेल का पूरा साथ दिया।

राहुल गांधी ने अपने इन्हीं अथक प्रयासों की बदौलत 2024 के लोकसभा चुनाव में न केवल कांग्रेस को 52 से बढ़ाकर लगभग 100 तक पहुंचाया है, बल्कि यूपीए की जगह नया इंडिया गठबंधन बनाकर भी सत्तारूढ़ भाजपा व राजग को कड़ी चुनौती दी है। पिछले 5 वर्षों में जितने नेताओं ने कांग्रेस छोड़ी है, उतने नेता किसी अन्य पार्टी से पलायन करते तो उस दल का अस्तित्व ही समाप्त हो जाता। परंतु राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने सोनिया गांधी व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में अपने कौशल का लोहा मनवाकर स्वयं को अजेय समझने की गलतफहमी पालने वाले नेताओं को बैकफुट पर धकेल कर उन्हें रक्षात्मक मुद्रा में ला खड़ा किया। कांग्रेस के इस पुनरुत्थान से पूरे देश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तो जरूर जोश व उत्साह का संचार हुआ है परंतु नेताओं की गुटबाजी है कि अभी भी कम होने का नाम नहीं ले रही है।
हर राज्य में कई-कई मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। हर नेता मुख्यमंत्री बनने के चक्कर में अपने अधिक से अधिक समर्थकों को टिकट दिलाना चाहता है भले ही वह विजयी होने की स्थिति में हो या न हो। कोई स्वयं मुख्यमंत्री रह चुका है तो वह अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाह रहा है। जिसे पार्टी टिकट नहीं देती वह दूसरे दल में यहां तक कि विचारधारा के मामले में धुर विरोधी दलों तक में जाने से गुरेज नहीं करता। इस तरह के दलबदल से एक बात तो साफ हो ही जाती है कि ऐसे नेताओं का न तो कोई जमीर है न वैचारिक प्रतिबद्धता, न पार्टी के प्रति वफादारी का जज्बा और न ही इस बात की फिक्र कि वर्तमान दौर में गांधीवादी विचारधारा का प्रतिनिधित्व करने वाली कांग्रेस को समाप्त करने की साम्प्रदायिकतावादियों की साजिशों का मुकाबला करने के लिए राहुल व प्रियंका गांधी द्वारा कितनी मेहनत की जा रही है। देश का कौन नेता है जो मोचियों से चप्पल सिलना सीखे और उनके दु:ख दर्द पता करे? फौजी, छात्र, लोको पायलट, कुली, मजदूर, किसान, सब्जी फरोश, ट्रक ड्राइवर, राज मिस्त्री, चाय वाला, टैम्पू चालक, खेतिहर मजदूर, स्कूटर मिस्त्री किस वर्ग से राहुल नहीं मिले?

राहुल गांधी की मेहनत का ही नतीजा है कि आज कांग्रेस पुन: वापसी की राह पर है। परंतु उन नेताओं को जिनकी पहचान ही कांग्रेस नेता के रूप में बनी है, जब वही लोग कांग्रेस पार्टी के समर्पित नेता व कार्यकर्त्ता बनाने के बजाये केवल अपने स्वार्थवश अपने अपने गुट के नेताओं को ही तरजीह देने लगेंगे तो कहना गलत नहीं होगा कि पार्टी की यह भीतरी गुटबाजी राहुल की मेहनत पर पानी फेरने का काम करेगी।

janwani address 8

 

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

सिलेंडर बिन जलाए रोटी बनाने की कला

मैं हफ्ते में एक दिन आफिस जाने वाला हर...

सुरक्षित उत्पाद उपभोक्ता का अधिकार

सुभाष बुडनवाला हर वर्ष 15 मार्च को विश्व भर में...

पुराना है नाम बदलने का चलन

अमिताभ स. पिछले दिनों, भारत के एक राज्य और कुछ...

IAF Agniveer Vayu: खिलाड़ियों के लिए एयरफोर्स भर्ती, जानें आवेदन शुरू होने की तारीख

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: भारतीय वायु सेना ने अग्निवीर...

Delhi Fire: दिल्ली के नेचर बाजार में भीषण आग, 40 दुकानें जलकर खाक

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: रविवार सुबह दिल्ली के अंधेरिया...
spot_imgspot_img