जनवाणी संवाददाता |
बुढ़ाना: मेरठ-करनाल हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर पुलिस ने चेकिंग अभि्यान चला रखा था। चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को रोक लिया। पूछताछ के बाद पता चला की यह युवक फर्जी फाइनेंस की बाइक खरीद कर उनकी नंबर प्लेट बदलकर बेच देते थे। पुलिस ने तीनों युवकों को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया।
देर रात के समय पुलिस मेरठ-करनाल हाइवे की बायवाला पुलिस चैकी पर वाहन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बडौत-बुढ़ाना मार्ग पर बागपत जनपद के गांव भड़ल की ओर से आ रहे चार वाहन चालकों को रोक लिया। इसी दौरान पीछे से आया बुलेट बाइक सवार युवक बुलेट मौके पर छोड़कर पुलिस से बचकर भागने में सफल हो गया।
पकड़े गए तीन युवकों के कब्जे से पुलिस ने एक स्कूटी, एक स्कूटर व यामा बाइक बरामद की जिन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पकड़े गए युवकों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि अमित पुत्र रामफल, विकास पुत्र गोधूराम व मिंटू पुत्र भंवर सिंह बागपत जनपद के दोघट थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर के रहने वाले है।
बुलेट बाइक छोड़कर मौके से भागने वाला युवक मदन पुत्र गोधूराम भी आदमपुर का ही रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि मदन इस गैंग का लीड़र है।
यह गैंग दिल्ली से अपने साथी राजीव के माध्यम से फर्जी फाइनेंस के दुपहिया वाहन को आधी कीमत पर खरीद लेते है। जिनकी नंबर प्लेट बदलकर क्षेत्र मे बेचने का कार्य करते है। पकड़े गए युवकों के अपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों युवकों का चालान कर दिया।

