जनवाणी संवाददाता |
रोहटा: शुक्रवार देर रात किनौनी गांव में एक अधेड़ उमर के किसान की अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद हमलावर फरार हो गए। वहीं दूसरी और गांव में देर रात हत्या से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित था।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह सनसनीखेज वारदात शुक्रवार देर रात किनौनी गांव में हुई। जानकारी के मुताबिक 50 वर्षीय अनु पुत्र जग्गू नामक किसान अपने मकान के बरामदे में सोया हुआ था।
रात के लगभग तीन बजे अज्ञात हमलावर दीवार फांद कर मकान में घुसे और किसान की गोली मारकर हत्या कर दी और वहां से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर अन्य परिजन और आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तो किसान का लहूलुहान शव औंधे मुंह जमीन पर पड़ा हुआ था।
हत्या की वारदात की सूचना पाकर गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। बाद में परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की जांच पड़ताल करके और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग पाया है। उन्होंने बताया कि मृतक विवाहित था और मामले की जांच की जा रही है।

