जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शनिवार को किसानों ने जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे आवंटियों को भगा दिया। किसान व आवास विकास परिषद के अधिकारी इस दौरान आमने-सामने हो गए थे। टकराव बन गया था, लेकिन किसानों ने जमीन पर कब्जा नहीं होने दिया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव व पीसीसी सदस्य रोहित गुर्जर के नेतृत्व में काजीपुर, सरायकाजी व शहर के किसानों ने जागृति विहार एक्सटेंशन योजना दो के सेक्टर-तीन के प्लॉट नम्बर 70 व सेक्टर-पांच के प्लॉट नम्बर 5/94 पर कब्जा लेने आये आवंटियों को कब्जा लेने से रोक दिया।
मौके पर चल रहे नींव भरने का काम को रोका गया। मौके से मजदूरों व ठेकेदारों को भगा दिया गया। रोहित गुर्जर ने बताया कि किसान प्लॉट के लिए परिषद के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन परिषद के अधिकारी आवंटियों को प्लॉट बेच कर मजे ले रहे हैं।
शनिवार को किसानों को सूचना मिली कि सेक्टर-तीन व पांच में प्लॉट बनवाने का काम किया जा रहा है, जिसके बाद किसान इकट्ठा होकर मौके पर पहुंचे और काम को रुकवाया। किसानों का कहना था कि जब तक आवास एवं विकास परिषद किसानों को विकसित भूखंड नहीं देंगे तब अन्य आवंटियों को भी कब्जा नहीं लेने देगें, न किसी का मकान बनाने देंगे।
रोहित ने बताया काजीपुर, शहर व सरायकाजी को 1000 रुपये वर्ग मीटर, घोसीपुर को 600 रुपये वर्ग मीटर और कमालपुर को 800 रुपये वर्ग मीटर मुआवजा के हिसाब से किसानों को जमीन का मुआवजा दिया जाए। परिषद ने 2009 में जमीन का अधिग्रहण किया था।
जिसमें किसानों को पांच प्रतिशत विकसित भूखंड भी दिया जाना था, जिसके लिए किसान आज तक 10 सालों से परिषद के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अभी तक किसानों को प्लॉट नहीं मिला न ही किसानों की बढ़े हुए प्रतिकर की चली आ रही मांग को पूरा किया।
इसके विरोध में किसान योजना में किसी भी आवंटी को कब्जा नहीं लेने देंगे। आवंटी मौके से परिषद के अधिकारियों को फोन करते रहे, लेकिन किसी अधिकारी ने आवंटियों की फोन कॉल रिसीव नहीं की। आवंटी काम बंद कर परिषद आफिस पहुंचे। इस दौरान बिल्लू सिंह, जयपाल सिंह, एसके शाहरुख, लीलू भड़ाना, राजेन्द्र कुमार, रमेश, भीम सिंह आदि रहे।

