- प्रशासन ने जेसीबी मशीन से कराई रोकथाम, फसल बची
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: गांव मामौर के किसानों में उस समय खलबली मच गई, जब झील पानी के दबाव के कारण ओवरफ्लो हो गई। झील का गंदे पानी ने किसानों के खेतों की ओर रूख कर लिया, जिस पर किसानों के माथे पर चिंता के बल पड़ गए। किसानों ने मामले की सूचना एसडीएम शिवप्रकाश यादव को दी। एसडीएम ने अधीनस्थ अमले को तत्काल मौके पर जेसीबी मशीन ले जाकर पानी की रोकथाम कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद टीम जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंची तथा खेत से मिट्टी खुदाई करते हुए आड़ लगा दी गई, जिससे पानी की रोकथाम हो गई। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते मौके पर जेसीबी मशीन नहीं पहुंच पाती, तो किसानों की सैकड़ों बीघा गेहूं और सरसों आदि की फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो सकती थी।
वहीं, पानी की रोकथाम होने के बाद किसानों ने भी राहत की सांस ली। झील से उत्पन्न होने वाली समस्या के समाधान के लिए निकट में ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट निमार्णाधीन है, जिसमें गंदे पानी को स्वच्छ करने के बाद यमुना नदी में प्रवाहित किया जाएगा।

