- घेराव होने पर कार छोड़कर भागे बदमाश पुलिस जांच में जुटी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: माधवपुरम चौकी से चंद कदम की दूरी पर कार सवार बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनने के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और बदमाशों की घेराबंदी कर दी। जिसके बाद बदमाश कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पूर्व पार्षद पर फायरिंग की है।
गौरतलब है कि माधवपुरम सेक्टर-2 में रविवार शाम को एक गाजियाबाद नंबर की कार घूम रही थी। जिसमें कुछ बदमाश सवार थे। कार सवार बदमाशों ने रात में माधवपुरम चौकी के पास कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनने के बाद आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और कार सवार बदमाशों की घेराबंदी कर दी। घेराबंदी होने पर बदमाश कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
वहीं मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर बदमाशों की छानबीन शुरू कर दी। वहीं बताया जा रहा है कि बदमाश भाजपा के पूर्व पार्षद की हत्या करने की नीयत से आए थे। लेकिन पार्षद के नहीं मिलने पर वह दहशत बनाने की वजह से फायरिंग कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस कार के माध्यम से बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।

