- नहीं सुधरे साबुन गोदाम के हालात, गोदाम में चारों ओर कीचड़ ही कीचड़
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: खाद्य एवं रसद विभाग के गोदामों का हाल बद से बदतर हो चुका है। शहर के सबसे बड़े गोदाम में शामिल मलियाना स्थित साबुन गोदाम के हाल इतने खराब हो चुके हैं कि यहां वाहन चालक भी आसानी से वाहन नहीं ले जा पाते। ऐसे में दुकानदारों के लिये यहां से खाद्यान्न उठाना परेशानी का सबब बना हुआ है। कई बार शिकायतों के बावजूद यहां पर व्यवस्था नहीं सुधर पाई है।
जरा-सी बारिश के बाद हुए जलभराव से यहां कीचड़ ही कीचड़ हुआ है।
जिसमें खाद्यान्न लदे वाहन फंस रहे हैं और मुसीबत खड़ी कर रहे हैं। बता दे कि जिलापूर्ति विभाग की ओर से वितरित किये जाना वाला राशन दुकानों पर पहुुंचने से पहले यहां खाद्य एवं रसद विभाग के गोदामों पर पहुंचता है। यहां विभाग के कई गोदाम में है। जिनमें मवाना रोड, कंकरखेड़ा और मलियाना का गोदाम शहर के नजदीक है। अधिकांश गोदामों के हालात खराब हुआ है।
बारिश में यहां खाद्यान्न खराब होने की संभावना बनी रहती है, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है। मलियाना स्थित गोदाम की बात की जाये तो यहां गहरा गड्ढा होने के कारण अक्सर जलभराव हो जाता है जिससे यहां वाहन नहीं जा पाते। शहर की अधिकांश दुकानों का राशन यहीं से उठता है बावजूद इसके यहां व्यवस्था ठीक नहीं की जा रही है। यहां बरसात में बारिश का पानी भरने के कारण तीन से चार माह तक यह गोदाम बंद भी कर दिया गया था।
उसके बाद यहां मिट्टी डालकर व्यवस्था बनाई गई, लेकिन हालात अब भी पहले जैसे ही हैं। जरा-सी बारिश के बाद पानी गोदाम के बाहर एकत्र हो जाता है और यहां कीचड़ हो रही है जिसमें वाहनों का निकल पाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में यहां खाद्यान्न लेने आने वाले लोग परेशान घूम रहे हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद हालात नहीं सुधरे हैं। जिसे लेकर दुकानदारों ने अब इसकी शिकायत जिलाधिकारी से करने की बात कही है।
आरएफसी ने किया निरीक्षण
मलियाना गोदाम के खराब हालातों की खबर जैसे ही अधिकारियों को पहुंची तो आरएफसी वहां खुद निरीक्षण करने पहुंचे। उनके साथ डिपो प्रभारी प्रदीप भी साथ रहे। आरएफसी ने यहां गोदाम की खराब स्थिति को देखा और जल्द से जल्द इसका सुधार करने की बात कही। यहां पिछले कई माह से गोदाम के हालात खराब है।

