- भाजपा प्रत्याशियों ने बाजारों में किया जनसंपर्क सड़कों पर लगा जाम
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिये नामांकन की प्रक्रिया आखिरी चरण में है। गुरुवार को नामांकन के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने चुनाव आयोग के गाइड लाइन की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। प्रत्याशियों ने जनसंपर्क के बाद खूब भीड़ जुटाई। भाजपा के कैंट प्रत्याशी अमित अग्रवाल और दक्षिण प्रत्याशी सोमेन्द्र तोमर के जनसंपर्क के दौरान जमकर भीड़ उमड़ी और सड़कों पर काफी देर तक जाम लगा रहा। हालांकि चुनाव आयोग भाजपा प्रत्याशियों पर मेहरबान दिखा तथा कोई कार्रवाई नहीं की गई। उधर, दौराला में सपाइयों पर आचार संहिता का चाबुक चला दिया तथा मुकदमा दर्ज कराया। पीएल शर्मा रोड को भाजपा नेताओं ने बिना अनुमति के झंडे, बैनर से पाट दिया था, जिसकी पुलिस ने वीडियो ग्राफी भी कराई, मगर एफआईआर नहीं करायी गयी। यहां भी जिला प्रशासन और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।

गुरुवार को नामांकन के बाद भाजपा प्रत्याशी अमित अग्रवाल के साथ सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी समेत तमाम नेताओं ने पीएल शर्मा रोड, आबूलेन, सदर, बेगमपुल आदि पर जमकर जनसंपर्क किया। चुनाव आयोग के सख्त निर्देश हैं कि पांच लोगों से अधिक जनसंपर्क में नही जा सकते है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाए। दोपहर एक बजे से शुरु हुआ जनसंपर्क शाम पांच बजे तक चला। सदर में व्यापारियों ने भाजपा प्रत्याशी और उनके साथ चल रहे नेताओं पर फूलों की बौछार की और गले मिले। सदर में यह हालत थी कि पैर रखने की जगह तक नहीं मिल रही थी।
भीड़ के कारण बुरी तरह से ट्रैफिक जाम हो गया था। सदर थाने के सामने से लेकर शिव चौक, फिर वहां से पूरा आबूलेन फिर पीएल शर्मा रोड पर जगह जगह स्टाल लगाए गए थे और लोग स्वागत करने के लिये बिना मास्क के जुटे हुए थे। हैरानी की बात यह है कि सदर पुलिस की नाक के नीचे चुनाव आयोग की धज्जियां उड़ाई जाती रही, लेकिन पुलिसकर्मी ने रोकने की कोशिश नहीं की। वहीं दक्षिण विधायक डा. सोमेन्द्र तोमर के जनसंपर्क के कारण सेंट्रल मार्केट में जाम की स्थिति बन गई। लोगों की भीड़ आयोग की गाइडलाइन की धज्जियां उड़ा रही थी। हर कोई प्रत्याशी से मिलने के लिये एक-दूसरे से सट कर चल रहा था। इसमें अधिकांश लोग मास्क तक नहीं लगाए हुए थे।
अतुल, हरपाल, चंद्रवीर समेत 250 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

दौराला स्थित कोल्ड स्टोर पर गठबंधन प्रत्याशी अतुल प्रधान को समर्थन देने के लिए पूर्व विधायक चौधरी चंद्रवीर सिंह ने सर्वसमाज की भीड़ जुटाई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने आचार संहिता व कोविड-19 गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दौराला में गठबंधन प्रत्याशी अतुल प्रधान के समर्थन में कोल्ड स्टोर पर सर्वसमाज को बुलाया गया। पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी, पूर्व विधायक चंद्रवीर, रालोद समर्थित कैंट प्रत्याशी मनीषा अहलावत ने सर्वसमाज को संबोधित कर अतुल प्रधान को जीताने के लिए अपील की।
निर्वाचन आयोग ने भीड़ जुटाने, रैली करने व पथयात्रा निकालने पर रोक लगा रखी है। बैठक की जानकारी मिलने पर दौराला पुलिस ने सपा नेता अतुल प्रधान, चौधरी चंद्रवीर, हरपाल सैनी, उपेंद्र प्रधान, संदीप प्रधान, गौरव, सोहनवीर चिंदौड़ी, आशु वाल्मीकि, अरुण अहलावत, कृष्णपाल, जोन प्रधान, चांदवीर सिंह, विकास चौधरी व 250 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

