जनवाणी ब्यूरो |
यूपी:रायबरेली में बुधवार को पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य पर उस समय हमला हो गया जब वह शहर के मोटल चौराहे पर अपने समर्थकों के बीच स्वागत कार्यक्रम में शामिल हो रहे थे। इसी दौरान दो युवकों ने उनके साथ मारपीट की।
पुलिस मौके पर पहुंची
हंगामा होते ही मौके पर मौजूद स्वामी प्रसाद के समर्थकों ने हमलावर युवकों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
सीओ सदर अमित सिंह के अनुसार, पकड़े गए युवकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। तहरीर मिलने के बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने तीखा बयान दिया
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि ये लोग करणी सेना के नाम पर कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में गुंडे-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
वहीं, पुलिस की गिरफ्त में आए एक युवक ने बयान में कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य लगातार सनातन धर्म का अपमान करते हैं, इसलिए उन्होंने हमला किया।
बता दें कि स्वामी प्रसाद मौर्य अपने विवादित बयानों को लेकर पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

