जनवाणी संवाददाता |
कांधला: खंड विकास कार्यालय परिसर में मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों की संगोष्ठी और एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
मंगलवार को कांधला ब्लॉक स्वयं सहायता समूहों की संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा, परिवार की आय को कैसे बढ़ाया जाए, परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य की देखभाल, महिलाओं के द्वारा स्वयं सहायता समूहों का गठन कर परिवार की आय बढ़ाने पर विचार करने संबधित आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा स्वागत गान कर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन मूर्ति देवी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में रोजगार आयुक्त शैलेश व्यास, खंड विकास अधिकारी पुनीत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप कुमार, एडीओ पंचायत सुशील कुमार, ग्राम विकास अधिकारी संदीप कुमार, अरशद सैफी, निशांत मान सहित आदि मौजूद रहे।

