- खेत में पूजा कर बलि देते हुए ग्रामीणों ने किया हंगामा
- पुलिस ने चार को हिरासत में लेकर शुरू की जांच
जनवाणी संवाददाता |
मंडावर: मंडावर थाना क्षेत्र के गांव इनामपुरा में चार लोगों को बलि देने के आरोप में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ये आरोपी जंगल में पूजा पाठ कर रहे थे। साथ ही मौके से सूअर का मीट भी बरामद हुआ है।
थाना मंडावर के क्षेत्र गांव इनामपुरा में काफी सालों से कंजर लोगों की बस्ती है। वह अपने आप को सपेरे भी बताते हैं। बुधवार की रात की देर शाम इनामपुरा गांव के जंगल में उक्त व्यक्ति अपनी विधि से पूजा पाठ कर रहे थे।
खेत में जगह पर अचानक पहुंचे खेत मालिक सत्येंद्र ने देखा कि खेत में खून के छींटे और मांस के छोटे-छोटे टुकड़े पड़े हुए हैं। उसने देखा कि वहां कुछ लोगों ने आग जलाई हुई है और बलि दे रहे हैं।
सत्येंद्र ने यह देखकर गांव में फोन किया। गांव से पहुंचे लोगोंं ने मंडावर थाने को जानकारी दी। जानकारी मिलने पर हल्के के इंचार्ज पवन वीर सिंह अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर बलि देने वाले चार लोगों को हिरासत में लिया।
गांव वालों का कहना है कि ये लोग किसी बच्चे की बलि दे रहे थे। हल्का इंचार्ज पवन वीर सिंह से बात करने पर उन्होंने बताया कि हमने पूरी छानबीन कर ली है। बलि बच्चे की नहीं बल्कि सूअर की दे रहे थे। पुलिस के द्वारा हिरासत में लिए चार लोगों से पूछताछ जारी है।

