- पीसीपीएनडीटी टीम फरीदाबाद कथित महिला की लिंग जांच कराने पहुंची थी शामली
जनवाणी संवाददाता |
शामली: लिंग परीक्षण के मामले में जनपद के मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. सफल कुमार और एक महिला चिकित्सक समेत चार लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य विभाग में इस मुकदमे को लेकर हड़कंप मचा हुआ है।
हरियाण राज्य के फरीदाबाद की पीसीपीएनडीटी टीम एक गर्भवती महिला को लेकर लिंग परीक्षण के लिए 21 जुलाई को शामली पहुंची थी। जहां महिला के कथित पति सुरेंद्र ने एक महिला विजय लक्ष्मी से फोन पर संपर्क किया। 40 हजार रुपये उनकी बात तय हो गई। विजय लक्ष्मी ने डा. सफल कुमार को रुपये देने की बात की। सुरेंद्र ने 20 हजार डा. सफल कुमार को दे दिए और बाकी लिंग परीक्षण के बाद देने को कहा। विजय लक्ष्मी ने कहा मशीन बाहर से आएगी। लेकिन वह उन्हें टालती रही। 29 जुलाई को सुरेंद्र ने अपने रुपये वापस करने को कहा।
जिसमें डा. सफल कुमार ने एक युवक आशीष के भाई मन्नू के खाते में रुपये डाल दिए। आशीष उन रुपयों को लेकर टीम को देने आया था लेकिन टीम ने उसे पकड़कर पूरा राज उगलवा लिया। इस मामले में एसएमओ नोडल डा. अश्वनी कुमार ने विजय लक्ष्मी, डा सफल कुमार, आशीष व उसका भाई मन्नू निवासीगण खेडीकरमू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

