- कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी जसजीत कौर को दिए निर्देश
- मंत्री बोले, विद्युत विभाग के अफसरों के साथ शीघ्र करें मीटिंग
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने जिलाधिकारी जसजीत कौर को फोन कर शामली के विद्युत विभाग के अधिकारियों की मीटिंग कर उन्हें किसानों एवं नागरिकों के बकाया होने पर कनेक्शन ना काटे जाने के निर्देश देने के लिए कहा है। साथ ही, कहा कि कनेक्शन काटने के बजाये उनको विद्युत बिल जमा कराने के लिए प्रेरित किया जाए। विद्युत अधिकारी कनेक्शन काटने के बजाय नए कनेक्शन देने पर जोर दें।
शुक्रवार को गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने जिलाधिकारी जसजीत कौर को फोन कर विद्युत विभाग के संबंध में दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी जल्द ही जनपद के सभी विद्युत अधिकारियों को बुलाकर एक मीटिंग करें, उसमें उन को निर्देशित किया जाए कि वो बकाया होने पर नागरिकों और किसानों के कनेक्शन ना काटें।
साथ ही, कनेक्शन काटने के बजाय नागरिकों को विभाग के अधिकारी विद्युत बिल जमा कराने को लेकर प्रेरित करें। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने बताया कि अधिकारी इस बात का ध्यान रखें कि वह कनेक्शन काटने के बजाय नागरिकों को नए कनेक्शन देने पर ज्यादा जोर दें।
गन्ना मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मनसा नागरिकों की समस्याओं के समाधान कराने को लेकर है, ना कि उनकी समस्या बढ़ाने को लेकर। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने अब तक के कार्यकाल में रिकार्ड नए विद्युत कनेक्शन देने का काम किया है। मंत्री ने अधिकारियों से नागरिकों के साथ संवदेनशील रवैया अपनाएं के लिए कहा है।

