- डीएम ने शौचालयों के रख रखाव को अधिकार पत्र सौंपे
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: ग्राम पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों के रख रखाव के लिए जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अधिकार पत्र वितरित किए। बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम जसजीत कौर ने कांधला ब्लॉक की 12, कैराना की नौ, थानाभवन की 16, ऊन ब्लॉक की सात तथा शामली ब्लॉक की 13 महिलाओं को सामुदायिक शौचालय की देख-रेख हेतु अधिकार पत्रों का वितरण किया गया। कुल 57 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अधिकार पत्र दिए गए।
इस अवसर पर डीएम जसजीत कौर ने कहा कि आजीविका मिशन की महिलाओं को सरकार निरंतर रूप से आजीविका बढ़ाए जाने को सरकारी योजनाओं से जोड़ रही है। महिलाएं पोषाहार वितरण, विद्युत बिल कलेक्शन, राशन दुकानों के संचालन जैसे विभिन्न कार्य सफलतापूर्वक कर रही हैं।
अब महिलाए प्रत्येक ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालयों के रख-रखाव का कार्य भी करेंगी, जिससे उन्हें प्रति माह निश्चित आय प्राप्त होगी। इस मौके पर सीडीओ शम्भू नाथ तिवारी ने कहा गया कि आजीविका मिशन की महिलाएं प्रत्येक कार्य करने में सक्षम हैं। महिलाओं को मनरेगा सहित समस्त सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, जिससे उनकी आजीविका में वृद्धि हो सके। इस मौके पर जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, शैलेन व्यास आदि मौजूद रहे।

