- नजीबाबाद चीनी मिल की क्षमता बढ़ाए जाने की उठी मांग
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: गन्ना विकास समिति लिमिटेड नजीबाबाद की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में वक्ताओं ने सरकार की ओर से चलायी जा रही योजनाओं का लाभ सभी किसानों को दिए जाने पर बल दिया वहीं किसान सहकारी चीनी मिल की क्षमता बढ़ाने की मांग की गई।
मंगलवार को दोपहर बाद कोतवाली रोड स्थित लायंस क्लब के सभागार में आयोजित गन्ना विकास समिति लिमिटेड नजीबाबाद की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में समिति के क्षेत्र के प्रतिनिधि किसानों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नेता चौधरी ईशम सिंह ने कहा कि गन्ना समिति, जिला गन्ना अधिकारी एवं नजीबाबाद चीनी मिल के अधिकारियों ने कुछ चहेते किसानों को पर्ची उपलब्ध कराकर शेष किसानों को पर्ची से वंचित रखा है। समिति इस पर संज्ञान लेकर काम करें।
महावतपुर दलपत गन्ना क्रय केंद्र को छोटा करके राजा रामपुर तुलसी नया गन्ना क्रय केंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव लागू करे। निवर्तमान संचालक भाजपा नेता भीषम सिंह राजपूत ने कहा कि समिति सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक किसान तक पहुंचाने को एक रोस्टर तैयार करा कर अपने स्टाफ के माध्यम से गांव में किसानों के बीच रहकर उसका अनुपालन करें। वार्षिक आम सभा में विगत वर्ष पारित सभी प्रस्ताव अमल में लाए जाएं।
बैठक में नजीबाबाद चीनी मिल की पेराई क्षमता वृद्धि कराए जाने मांग की गई। सभा में सुनील,लोकेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह राजपूत, राघव प्रताप रोहताश सिंह, देवेंद्र सिंह, ब्रज कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, चौधरी बेगराज सिंह, हेमेंद्र सिंह, विकास राठी, देवेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, नरेश बिश्नोई, चौधरी लटूर सिंह, मुनेश कुमार, अब्दुल सलाम, मौहम्मद रफी, निसार अहमद, आदि ने अपने विचार रखे। बैठक की अध्यक्षता ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक नजीबाबाद मायापति यादव एवं संचालन समिति के सचिव डा. विजय कुमार शुक्ला ने किया।

