- सकल दिगंबर जैन समाज समिति ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
जनवाणी संवाददाता |
शामली: सकल दिगंबर जैन समाज समिति शामली ने सांसद प्रदीप चौधरी को दिए ज्ञापन में बताया कि झारखडं में जैन समाज का पावन वंदनीय तीर्थ सम्मेद शिखर है जहां 24 में से 20 जैन तीर्थंकर मोक्ष गए हैं। सम्मेद शिखर की सभी पर्वत श्रखलाएं इतनी पवित्र मानी जाती हैं कि इस पर्वत की वंदना करने जाते समय जैन भक्तजन चप्पल जूते भी धारण नहीं करते और उपवास रखकर वंदना करते हैं।
झारखंड सरकार की अनुशंसा पर केंद्रीय वन मंत्रालय सम्मेद शिखर को वन्य जीव अभ्यारण का एक भाग घोषित कर दिया। जिसके कारण पर्यावरण, पर्यटन व गैर धार्मिक गतिविधियों की अनुमति दी गई है। जैन समाज कभी भी अपने पवित्र तीर्थ पर पर्यटन व गैर धार्मिक गतिविधियों को नहीं चाहता। जैन समाज केंद्र सरकार से सम्मेद शिखर को जैन पवित्र तीर्थ स्थल घोषित करने व सम्मेद शिखर के मधुबन क्षेत्र को मांस, मदिरा बिक्री मुक्त पवित्र क्षेत्र बनाने की मांग करता है।
सकल दिगंबर जैन समाज समिति के अध्यक्ष आलोक जैन व महामंत्री प्रवीण कुमार जैन ने बताया कि देशव्यापी सम्मेद शिखर जी बचाओ आंदोलन के तहत दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान समेत पूरे देशभर में आंदोलन करने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने सांसद प्रदीप चौधरी से इस प्रकरण को संसद के पटल पर रखकर इस पावन जैन तीर्थ को बचाने में सहयोग की मांग की मांग की है।

