- सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हराया
मुम्बई |
वार्ता: गुजरात ने हैदराबाद को आईपीएल के 40वें मैच में पांच विकेट से मात दे दी है। आखिरी ओवर में गुजरात को जीत के लिए 22 रन चाहिए थे। राशिद और तेवतिया ने ओवर में चार छक्के लगाकर टीम को जीत दिला दी। राशिद ने 11 गेंद में 33 रन और तेवतिया के बल्ले से 21 गेंद में 40 रन निकले। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 195 रन का मजबूत स्कोर बनाया था। जवाब में गुजरात ने 5 विकेट पर 199 रन बनाकर जीत दर्ज की है। गुजरात का पहला विकेट शुभमन गिल के रूप में गिरा।
उनके आॅफ स्टंप को उमरान मलिक ने उखाड़कर फेंक दिया। उमरान जब दूसरा ओवर करने आए तो हार्दिक को भी पवेलियन भेज दिया। उमरान ने पटकी हुई गेंद पर हार्दिक पुल करना चाहते थे, लेकिन बल्ले ने मोटा ऊपरी किनारा लिया और येन्सन ने शानदार कैच पकड़ लिया। हार्दिक ने 10 और शुभमन ने 22 रन बनाए। वहीं मैच में पूरी तरह से सेट हो चुके ऋद्धिमान साहा को जम्मू के इस धाकड़ गेंदबाज ने खतरनाक यॉर्कर से क्लीन बोल्ड कर दिया।
उमरान यहीं नहीं रूके उन्होंने डेविड मिलर और अभिनव को क्लीन बोल्ड कर पांच विकेट अपने नाम किए। काफी समय से खराब फॉर्म में चल रहे ऋद्धिमान साह का बल्ला हैदराबाद के खिलाफ गरजा। उन्होंने आईपीएल में 9वां अर्धशतक जड़ा। साहा ने सिर्फ 38 गेंद में 68 रन बना दिए। उनके बल्ले से 11 चौका और 1 छक्का निकला। उनका स्ट्राइक रेट 178.94 का था।
इससे पहले ओपनर अभिषेक शर्मा (65) और एडन मारक्रम (56) के शानदार अर्धशतकों तथा शशांक ंिसह की नाबाद 25 रन की पारी से सनराइजर्स हैदराबाद ने गुजरात के खिलाफ आईपीएल मुकाबले में बुधवार को छह विकेट पर 195 रन का मजबूत स्कोर बना लिया। गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और 44 रन तक हैदराबाद के दो विकेट गिरा दिए।
कप्तान केन विलियम्सन पांच और राहुल त्रिपाठी 16 रन बनाकर मोहम्मद शमी की गेंदों पर आउट हुए। इसके बाद अभिषेक और मारक्रम ने तीसरे विकेट के लिए 96 रन की शानदार साझेदारी की। अभिषेक ने 42 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 65 रन बनाए, जबकि मारक्रम ने 40 गेंदों पर 56 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए।
शशांक ने मात्र 14 गेंदों पर नाबाद 25 रन में एक चौका और तीन छक्के मारे और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हैदराबाद के स्कोर में 14 वाइड रनों का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। गुजरात की तरफ से शमी ने 39 रन देकर तीन विकेट हासिल किये।
शशांक ने जहां फर्ग्युसन के खिलाफ तीन छक्के जड़े तो वहीं, मार्को जैनसन ने भी एक छक्का लगाया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर फर्ग्युसन के इस ओवर में 25 रन बटोरे। शशांक ने छह गेंदों पर एक चौके और तीन छक्के की मदद से 25 रनों की विस्फोटक पारी खेली। मुंबई में पैदा हुए शशांक का परिवार मूलरूप से छत्तीसगढ़ के भिलाई का है। लेकिन शशांक ने मुंबई में ही अपने क्रिकेट करियर की शुरूआत की।
2019 में उन्होंने ओडिशा के खिलाफ अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। पहले मैच में शशांक बल्ले से कुछ खास धमाल नहीं मचा पाए थे, लेकिन उन्होंने 2 विकेट लेने के अलावा 8 रन बनाए थे। सनराइजर्स हैदराबाद ने शशांक को 20 लाख रुपये में खरीदा है।

