- देहलीगेट पुलिस के साथ कच्ची सराय शहर सराफा में दी थी दबिश
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: देहलीगेट थाना के शहर सराफा कच्ची सराय इलाके से हापुड़ एसओजी की टीम एक सुनार सचिन वर्मा को उठाकर ले गयी। देहलीगेट पुलिस को लेकर इंस्पेक्टर प्रशांत मलिक के नेतृत्व में हापुड़ एसओजी की टीम ने पहले थाना देहलीगेट में आमद दर्ज करायी। उसके बाद सीधे शहर सराफा कच्ची सराय पहुंचे। इनके साथ चोरी का आरोपी बताया जा रहा एक बदमाश भी था। बदमाश ने इशारे से दुकान बता दी। यह दुकान सुनार सचिन वर्मा की थी। पुलिस वाले सीधे दुकान में दाखिल हुए और सचिन को उठा लिया। यह देखकर वहां हड़कंप मच गया। शोर शराब हो गया।
कच्ची सराय के व्यापारियों ने पुलिस वालों को घेर लिया। उन्होंने तर्क दिया कि कोई भी सोना चांदी बेचने आता है तो उसके चेहरे पर नहीं लिखा होता कि वह चोर है। दिन भर सैकड़ों लोग सोना बेचने आते हैं। सभी व्यापारी खरीदते हैं। हंगामा बढने पर इंस्पेक्टर देहलीगेट विनय कुमार ने कच्ची सराय के व्यापारी नेता संत कुमार वर्मा से बात की और समझाया कि केवल पूछताछ के लिए लेकर जा रहे हैं।
थाने में पूछताछ के बाद वापस भेज दिया जाएगा। सचिन वर्मा को पहले थाना देहलीगेट लाए। वहां जो बदमाश साथ आया था, उससे आमना सामना कराया और फिर लिखा पढ़ी के बाद हापुड़ एसओजी उसको अपने साथ ले गयी। बताया जाता है कि मात्र 14 हजार का सामान बदमाश से सचिन वर्मा ने खरीद था।
पिस्टल के बल पर कोरे कागजों पर कराए साइन
मेरठ: गॉडविन कालोनी निवासी एक परिवार में कुछ लोगों ने एक पुराने विवाद में पिस्टल दिखाकर कोरे कागजों पर साइन ले लिए और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित संदीप पुत्र महेंद्र निवासी जलालपुर जोरा हस्तिनापुर बुधवार को पुलिस कार्यालय पहुंचे और एसएसपी से मदद की गुहार लगायी। उन्होंने बताया कि आठ अक्तूबर को गांव झुनझुनी बहसूमा व खेड़ी जदीद मवाना से कुछ लोग गॉडविन कालोनी में उनके घर पर पहुंचे।
आरोप है कि इन लोगों ने संदीप, उसकी पत्नी व पुत्र आयुष पर पिस्टल तान दी। हत्या की धमकी देकर कोरे कागजों पर साइन कराए और जान से मरने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित ने बताया कि वह पत्नी को यहां रहकर एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज करा रहा है। उसकी पत्नी आरोपियों पर दर्ज कराए गए मुकदमे में गवाह है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने पिकअप से हजारों रुपये के पटाखे पकडेÞ
खरखौदा: बुधवार को मोहिउद्दीनपुर मार्ग स्थित गांव धंतला के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मोहिउद्दीनपुर की ओर से आई महिंद्रा पिकअप संख्या यूपी-37एटी 8980 को रोकने का प्रयास किया तो चालक पिकअप लेकर भागने लगा। पुलिस ने कुछ दूरी पर पिकअप को पकड़ लिया और चालक तथा गाड़ी में बैठे व्यक्ति की तलाशी लेकर पूछताछ की तो चालक ने अपना नाम मोहम्मद तैय्यब पुत्र कासीम निवासी गद्दा बाडा कोतवाली हापुड़ व पास बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अताउर्रहमान पुत्र हाजी मुस्तकीम भंड्डा पट्टी हापुड़ बताया
और पिकअप में आठ पेटी डीलक्स बम, आठ पेटी एक्सल बिग बुलेट बम व 11 पेटी ग्रीन क्लासिक बम कुल 27 पेटी पटाखे होने तथा पटाखों की कीमत करीब 27 हजार रुपये बताई। पटाखों को शामली से हापुड़ ले जाने की बात कही। पुलिस ने पिकअप सहित दोनों को थाने लाकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

