Wednesday, March 18, 2026
- Advertisement -

हेलसिंकी बार- बार बन रहा है दुनिया का सबसे खुश शहर

 

Ravivani 16


Amithab S 3 हर साल 20 मार्च को इंटरनेशनल डे आॅफ हैपीनेस मनाया जाता है। आज के हालात में खुश रह पाना सबसे जटिल होता जा रहा है। इसीलिए खुशनुमा माहौल को बढ़ावा देने के लिए अमेरिका ने जुलाई 2012 में घोषणा की थी कि अगले साल 2013 से हर 20 मार्च को इंटरनेशनल डे आॅफ हैपीनेस मनाएगा। बीते 4 साल से फिनलैंड को दुनिया के सबसे खुश देश और इसकी राजधानी हेलसिंकी को सबसे खुश शहर का दर्जा हासिल है।

Weekly Horoscope: क्या कहते है आपके सितारे साप्ताहिक राशिफल 20 मार्च से 26 मार्च 2022 तक |

दुनिया के सबसे खुश शहर का हाल-चाल कौन नहीं जानना चाहेगा ? यूरोप के हसीन देश फिनलैंड की हेलसिंकी की आबादी महज 6 लाख है। शायद इसीलिए यहां दुनिया के सबसे हैपी लोग रहते हैं। हेलसिंकी के लिए फिनएयर की फ्लाइट पर बैठते ही स्ट्राबेरी पेश की जाती है। तभी लगने लगता है कि दुनिया के सबसे हैपी देश फिनलैंड की राजधानी में जा रहे हैं। यूं भी, हेलसिंकी का मिजाज इस कदर मस्त है कि साल के लगातार 51 दिन सूरज नहीं निकलता, 121 दिन मूसलाधार बारिश नहीं थमती और 101 दिन बर्फ ही बर्फ पड़ती है। लेकिन फिक्र किसे है, मस्तमौला शहर अपनी ही धुन में है। एक खास बात और है कि अप्रैल से अगस्त के बीच हेलसिंकी में अंधेरे के बिना रातें होती हैं। इन्हें ‘व्हाइट नाइट्स’ भी कहते हैं। क्योंकि सूरज रात 11 बजे बमुश्किल ढलता है और तड़के 3-साढ़े 3 बजे उदय हो जाता है। बीच के 3-4 घंटे भी घुप्प अंधेरा नहीं होता। इससे उलट जनवरी से मार्च के दौरान सूरज के दर्शन ही दुर्लभ हो जाते हैं, दोपहर 12-1 बजे कहीं सूरज निकलता है और दो-ढाई घंटे के बाद अस्त हो जाता है-फिर अंधेरा ही अंधेरा। सितम्बर से दिसम्बर के बीच बारिशें होती हैं और बर्फ पड़ती है।

हेलसिंकी की सैर का बेस्ट जरिया है हॉप आॅन हॉप आॅफ बस टूर। एक दिन, दो दिन या तीन दिन का पास लीजिए और निकलिए शहर के चप्पे-चप्पे की अनलिमिटेड सैर पर। सबसे पहले पहुंचते हैं हेलसिंकी कैथेड्रल में। इसे सेंट निकोलस चर्च भी कहते हैं। यह हेलसिंकी का लैंडमार्क है और यहीं सबसे ज्यादा फोटोशूट होते हैं। सामने लंबा- चौड़ा सेनेट स्क्वेयर है, जहां बेंच पर बैठ कर सुस्ता सकते हैं। स्क्वेयर के बीचोंबीच टसार अलेग्जेंडर की प्रतिमा लगी है। इनके दौर में ही, फिनिश भाषा और फिनिश मार्क करेंसी का श्रीगणेश हुआ था। आगे सेबिलियूस मॉन्यूमेंट पार्क में आधा-एक घंटे पैदल टहलिए। डिजाइन म्यूजियम में झांकना दिलचस्प है। यहां नोकिया मोबाइल के शुरुआती मॉडल देखने का मौका मिलता है। बात दें कि किसी जमाने में दुनिया का नंबर वन मोबाइल निर्माता नोकिया और कोने लिफ्ट निर्माता फिनलैंड के ही हैं। फिर यूपेनसिकी आर्थोडॉक्स कैथेड्रल की प्रार्थना सभा में शामिल हो सकते हैं। यह फिनलैंड ही नहीं, समूचे यूरोप की सबसे बड़ी आॅर्थोडॉक्स चर्च है।

हेलसिंकी समेत समूचे फिनलैंड में सोना बाथ केंद्रों की भरमार है। जानना दिलचस्प है कि 60 लाख आबादी वाले देश में 20 लाख से ज्यादा सोना बॉथ सेंटर हैं। दुनिया के बेस्ट सोना का खजाना यहीं है। सोना बाथ के अंतर्गत स्टीम रूम में नग्न बैठते हैं, फिर नहाते हैं। डिम रोशनी होती है और रिलेक्स करते हैं। हफ्ते में कम से कम एक दफा हर हेलसिंकी निवासी सोना बाथ करने जरूर जाता है। सोशल मीटिंग्स के लिए भी यह बेस्ट जगह मानी जाती है। कई आॅफिशल मीटिंग्स भी यहां होती हैं। हनीमून जोड़ों के लिए नायाब अनुभव है।

छोटे-से हेलसिंकी में 29 हसीन बीच हैं। जून, जुलाई और अगस्त में रौनकें शबाब पर रहती हैं। लोग धूप का मजा लेने उमड़ पड़ते हैं। यहां-वहां 900 से ज्यादा रेस्टोरेंट और कैफे हैं। खाने-पीने वाले गली या फुटपाथ पर लगे टेबल-कुर्सियों पर बैठ कर फूड- ड्रिंक्स का लुत्फ लेते हैं। आइसक्रीम और हॉट कॉफी के स्टॉल सबसे ज्यादा है। यूं भी, फिनिश लोग आइसक्रीम खाने और कॉफी पीने के खासे शौकीन माने जाते हैं। साल 1922 में, हेलसिंकी में फिनलैंड की पहली आइसक्रीम फैक्ट्री लगी थी। ज्यादातर लोग स्ट्राबेरी, ब्लूबैरी, चैरी वगैरह तमाम वैरायटीज की बैरी खाने के भी खासे शौकीन हैं। जगह-जगह चैरी, बैरी वगैरह के स्टॉल लगे मिलते हैं। आलू, शकरकंदी और मशरूम भी चाव से खाते हैं। नॉन वेजेटेरियन रेंडियर का गोश्त खाना पसन्द करते हैं।

नलों का पानी पीने लायक है, नल के पानी को फिल्टर करने की वहां जरूरत नहीं है। हालांकि वहां लोग स्टिल और स्पार्कलिंग दोनों तरह का पानी पीते हैं। स्टिल पानी तो सादा है, लेकिन स्पार्कलिंग में सोडा वॉटर की भांति हल्के बुलबुले उड़ते हैं। लोग सुबह की शुरूआत ब्लैक कॉफी से करते हैं।

हेलसिंकी का दिल है एस्प्लेनेड पार्क। बीचोंबीच रूने बैरी की प्रतिमा लगी है। बता दें कि रूने बैरी ने फिनलैंड का राष्ट्रीय गीत ‘आर लैंड…’ लिखा था। लोगबाग यहां लंच टाइम में पिकनिक मनाते हैं। यहां-वहां आइसक्रीम वाले खड़े रहते हैं, आते-जाते लोग आइसक्रीम का मजा लेते हैं। हरे-भरे माहौल में, सफेद राजहंस उड़-उड़ कर माहौल को और भी हसीन बना देते हैं। यही स्वेन फिनलैंड का राष्ट्रीय पक्षी है। नजदीक ही फ्लाइंग सिनेमा है। यहां जॉइंट व्हील है, जिस पर बैठ कर, ऊंचाई से हेलसिंकी के नजारे देखने का मौका मिलता है। नजदीक मार्केट स्क्वेयर में टेंटनुमा स्टॉल हैं। कोई स्ट्रीट फूड का, तो कोई फ्रेश फ्रूट का। गिफ्ट आइटम भी मिलती हैं।

हेलसिंकी पुराना शहर है। तमाम इमारतों का पुराना स्वरूप आज भी कायम है और लुभाता है। हेलसिंकी की खोज 1550 में हुई और तब करीब 2000 लोगों को बसाया गया। यह 1812 में फिनलैंड की राजधानी बना। आज इसकी आबादी करीब 6 लाख है। हेलसिंकी में बाकायदा पोर्ट है, बडे़-बड़े समुद्री जहाज लंगर डालते हैं। हेलसिंकी पुलों से कई टापुओं को जोड़-जोड़ कर बना है। आरके पेलगो बीच बेस्ट है। हेलसिंकी का निर्माण अभी भी जारी है। येट कसारे नया इलाका है। एक और बनता हुआ इलाका है वुड सिटी। सारी की सारी बिल्डिंग्स ही लकड़ी की हैं। काम्पी स्ट्रीट हाई फाई शॉपिगं स्ट्रीट है। 19वीं सदी के आखिर से, यहां बढ़-चढ़ कर गारमेंट, शूज वगैरह की शॉपिंग की जा सकती है।

हेलसिंकी में घूमने-फिरने के लिए ट्राम है, मेट्रो है और बसें भी हैं। सेंट्रल रेलवे स्टेशन शहर के बीच में है। टैक्सी हैं, लेकिन इनका सफर महंगा पड़ता है। शहर में फैले 140 स्टैंडों से घूमने को लिए उधार में साइकिलें भी मिलती हैं। फुटपॉथ आधे-आधे हिस्से में बंटी है-आधा पैदल और आधा साइकिल वालों के लिए, हर उम्र के लोग बढ़-चढ़ कर साइकिल दौड़ाते हैं। भारत से उलट वहां राइट हैंड ड्राइव है- यानी वाहन सड़क के दाईं तरफ चलते हैं। ट्रैफिक पुलिस कहीं नजर नहीं आता। फिर भी, ट्रैफिक सिग्नलों की भरमार है। सड़कों पर पैदल चलने वालों का राज है। बुजुर्ग भी दो-दो लाठियां लिए दौड़े फिरते हैं। कारें, बसें और ट्राम तक पैदल सड़क पार करने वालों की कद्र करते हैं और उन्हें पहले जाने देते हैं। पैदल चलने वालों की इतनी कद्र है कि जेब्रा क्रॉसिंग पर सड़क पार करते देख ट्राम तक ब्रेक लगा देती है।

बहरहाल, आज 20 मार्च को 2022 की हैपी देशों और शहरों का ऐलान होना है। लगता तो है कि इस साल भी लगातार पांचवीं दफा फिनलैंड और इसकी राजधानी हेलसिंकी दुनिया का सबसे खुश देश और शहर बन कर उभरेगा। उल्लेखनीय है कि हैपीनेस रैंकिंग इंडेक्स वैल्यू पर निर्धारित होती है। यह प्रति व्यक्ति आय, स्वस्थ जीवन स्तर, सामाजिक सुरक्षा, चुनने की आजादी, उदारता और भ्रष्टाचार की धारणा पर निर्भर करता है। पिछले साल दुनिया के सबसे खुश दस देशों की फेहरिस्त में दूसरे नंबर पर डेनमार्क, तीसरे पर स्विट्जरलैंड, चौथे पर आइसलैंड, पांचवे पर नीदरलैंड, छठे पर नॉर्वे, सातवें पर स्वीडन, आठवें पर लग्जमबर्ग, नौवें पर न्यूजीलैंड और दसवें पर आॅस्ट्रिया रहा।गौरतलब है कि दस में से केवल एक पायदान पर ही गैर यूरोपीय देश न्यूजीलैंड रहा|

फिनलैंड और हेलसिंकी: छोटी-मोटी बातें

दिल्ली से हेलसिंकी का हवाई फांसला करीब 5,250 किलोमीटर है। सीधी उड़ान से दिल्ली टु हेलसिंकी पहुंचने में करीब पौने 7 घंटे लगते हैं। समय के लिहाज से हेलसिंकी ढाई घंटे पीछे हैं।

उत्तरी यूरोप का देश है फिनलैंड और फिनलैंड की राजधानी है हेलसिंकी।

फिनलैंड का क्षेत्रफल करीब 3,90,900 वर्ग किलोमीटर है और 1,88,000 से ज्यादा झीलें हैं। करीब 75 फीसदी इलाका जंगलों से घिरा है। इसी से, फिनलैंड की खूबसूरती और आबोहवा का अंदाजा लग जाता है। कागज, गत्ता और टिम्बर का खूब उत्पादन होता है।

करेंसी यूरो है। आजकल एक यूरो करीब 85 रुपये का है। राष्ट्रीय भाषा फिनिश है। 88 फीसदी से ज्यादा लोग फिनिश बोलते, पढ़ते और लिखते हैं। सभी अंग्रेजी भी बोलते-समझते हैं।

फिनलैंड में 200 मेम्बर्स की पार्लियामेंट है। आम चुनाव हर 4 साल बाद होते हैं। प्रजिडेंट का कार्यकाल 6 साल होता है

अमिताभ स.


janwani address 92

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Saharanpur News: पुलिस मुठभेड़ में लूट के आरोपी दो बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार

जनवाणी संवाददाता । सहारनपुर: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए...

Saharanpur News: सहारनपुर में बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

जनवाणी संवाददाता । सहारनपुर: जनपद में मौसम का मिजाज बदलने...

Iran- Israel: इस्राइली हमले में ईरान को बड़ा झटका, लारीजानी और सुलेमानी की मौत

जनवाणी ब्यूरो । नई दिल्ली: ईरान ने मंगलवार देर रात...

Fire In Indore: इंदौर में दर्दनाक हादसा, घर में लगी भीषण आग, सात लोगों की जलकर मौत

जनवाणी ब्यूरो। नई दिल्ली: इंदौर के ब्रजेश्वरी एनेक्स इलाके में...
spot_imgspot_img