जनवाणी संवाददाता ।
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। 24 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 59,040 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा 27 अप्रैल तक प्रतिदिन दो पालियों में कराई जाएगी।पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक चल रही है। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं।
प्रवेश से पहले गेट पर सघन चेकिंग की गई, अतिरिक्त वस्तुएं बाहर रखवाई गईं और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।नकलविहीन परीक्षा के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। केंद्रों के आसपास की दुकानें बंद कराई गई हैं और मोबाइल फोन के उपयोग पर रोक लगाई गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।
परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और सहायक केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जिले में भारी पुलिस बल लगाया गया है। ड्यूटी में 5 राजपत्रित अधिकारी, 32 इंस्पेक्टर, 185 सब इंस्पेक्टर, 227 हेड कांस्टेबल और 209 कांस्टेबल शामिल हैं।
परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है, जबकि एक किलोमीटर क्षेत्र में फोटो कॉपी और स्कैनिंग की दुकानों को बंद रखा गया है।
जिले में जिन केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है उनमें आर्य कन्या इंटर कॉलेज मटिया महल खालापार, बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज चकराता रोड, बीएचएस इंटर कॉलेज मिशन कंपाउंड, गौरी शंकर इंद्रपाल सिंह इंटर कॉलेज हसनपुर चुंगी, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लिंक रोड, राजकीय इंटर कॉलेज देहरादून रोड कैलाशपुर, राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट, गुरुनानक कन्या इंटर कॉलेज गांधी पार्क, गुरुनानक इंटर कॉलेज अंबाला रोड, एचएवी इंटर कॉलेज मातागढ़, इंडस्ट्रियल मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज कम्बोह का पुल, इस्लामिया इंटर कॉलेज ईदगाह रोड, जेवी जैन इंटर कॉलेज मातागढ़, जेबीएस हिंदू कन्या इंटर कॉलेज रायवाला, जनता इंटर कॉलेज अहमदपुर ब्राह्मण पिलखनी, जेवी जैन डिग्री कॉलेज प्रद्युमन नगर, महाराज सिंह डिग्री कॉलेज चकराता रोड, मुन्नालाल गर्ल्स डिग्री कॉलेज चिलकाना रोड, राजकीय इंटर कॉलेज कमेला रोड, एसबीबीए इंटर कॉलेज धोबीघाट, एसडी इंटर कॉलेज चकराता रोड, एसएएम इंटर कॉलेज देहरादून रोड, सावित्रीबाई फुले राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कुम्हारहेड़ा और श्री दिगंबर जैन कन्या इंटर कॉलेज छत्ता बारूमल शामिल हैं।

