जनवाणी ब्यूरो।
नई दिल्ली: दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रैणी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 1 बजे एक पिकअप वाहन में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। अनुमान है कि ड्राइवर साइड से किसी वाहन की टक्कर के बाद पिकअप में आग भड़क गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को जयपुर रेफर किया गया। तीनों मृतकों के शव सीटों से चिपके हुए मिले।
एएसआई बताया कि मृतकों की पहचान मोहित (निवासी बहादुरगढ़, हरियाणा), दीपेंद्र (निवासी सागर, मध्यप्रदेश) और पदम (निवासी सागर, मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे में पिकअप चालक हन्नी (निवासी झज्जर, हरियाणा) गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया। पुलिस का कहना है कि हादसे के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।
पिकअप में लगी आग के विकराल रूप को देखकर एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों में दहशत फैल गई। आग के बाद गाड़ियों का काफिला पूरी तरह से रुक गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब तक रेस्क्यू शुरू हुआ, पिकअप पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे के बाद मौके पर वाहन चालकों और आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लेकिन एक्सप्रेस-वे पर आग बुझाने के लिए पानी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग बेबस नजर आए।
पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। जांच के बाद ही साफ होगा कि पिकअप को किसने टक्कर मारी थी। शवों को रैणी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पिकअप वाहन के नंबरों से जानकारी मिली कि वाहन झज्जर (हरियाणा) का था। इसके बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजनों के आने के बाद ही शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

