- चुभन वाली गर्मी ने किया परेशान, पसीना-पसीना रहे लोग
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: उमस भरी गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नही ले रहा है। उमस के कारण चुभन वाली गर्मी परेशान कर रही है। यह चुभती गर्मी धीरे-धीरे लोगों को बीमार भी कर रही है। जिसके चलते लोग दिन भर पसीना-पसीना हो रहे है। अमूमन जुलाई और अगस्त के महीने में इस तरह की गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है, लेकिन इस बार अन्य वर्षो के मुताबिक अत्यधिक गर्मी देखने को मिल रही है। जिसके चलते दिन सुबह 10 बजे के बाद शाम पांच बजे तक लोग अपने घरों के अंदर ही कैद रहते हैं। तपती और चुभती इस गर्मी से बचाव के लिए वैज्ञानिक तरह-तरह के उपाए बता रहे हैं।
राजकीय मौसम वैधशाला पर अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 79 एवं न्यूनतम आर्द्रता 61 प्रतिशत दर्ज की गई। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. यूपी शाही का कहना है कि मौसम में उमस का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है।

जिसके चलते चुभन वाली गर्मी का एहसास हो रहा है। एसी और कूलर भी इस गर्मी में लोगों को गर्मी से निजात नहीं दिला पा रहे हैं। जिससे लोेगों को बीमारी का शिकार होना पड़ रहा है। इसलिए बेहद आवश्यक है कि इस गर्मी से सावधानी बरतनी होगी। उधर प्रदूषण का प्रकोप भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। गर्मी के बढ़ने के कारण प्रदूषण अक्सर बढ़ता है।
शहर में छह घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित
मेरठ: भीषण गर्मी में विद्युत लाइनों में होने वाले फाल्टों से जनता बिलबिला रही है। शहर के कई इलाकों में छह घंटे विद्युत आपूर्ती बाधित रही जिस वजह से आम जनता उमस भरी गर्मी में पीने के पानी को भी तरस गई। लगातर उच्च अधिकारियों से शिकायत के बाद भी ओवर लोड ट्रांसफार्मरों व जर्जर तारों की वजह से रोजाना फाल्ट हो रहे हैं। फाल्ट होने से घंटों बिजली आपूर्ति रहती है बंद होने के कारण आम जनता को खासी परेशानी क सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को शीश महल के ट्रांसफार्मर व तारो में आग लगने की वजह से करीब छह घंटे बिजली गुल रही। इस दौरान शीश महल, लाला का बाजार, डालम पाड़ा, नंदराम चौक, बाबा खाकी, जत्तीवाड़ा इलाकों की करीब एक लाख की आबादी को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। फाल्ट होने पर उसे दूर करने के लिए लिये गए शट्डाउन से अन्य इलाके भी प्रभावित हुए।
बिजली आपूर्ती बाधित होने पर संबंधित बिजलीघर के जेई के पास जानकारी करने पहुंची जनता को जेई ने ओवर लोड कारण बताया। गर्मी के मौसम में पूरी वोल्टेज नहीं आने से बेगमपुल, बेगमबाग, तिलक नगर, सदर, रजबन, लालकुर्ती, तोपखाना, मोहनपुरी जैसे इलाकों में बिजली से चलने वाले उपकरण काम नहीं कर सके। यहां तक की घरों में लगे कूलर व एयरकंडीशनर समेत रेफ्रीजीरेटर भी कूलिंग नहीं कर रहे है।
इस वजह से आम जनता को पीने का ठंडा पानी भी उपलब्ध नहीं हो सका। विभाग के अधिकारियों का कहना है जिन इलाकों में आपूर्ती बाधित रही है उनमें मेंटेनेंस के लिए शट्डाउन लिया गया था। इस वजह से कुछ देर के लिए आपूर्ती बाधित रही थी। मेंटेनेंस का काम पूरा होने के बाद आपूर्ती सुचारू रूप से शुरू हो गई।

