- आंखे मूंदे बैठे पुलिसकर्मी सामने ही चलता पूरा खेल
- अतिक्रमण को लेकर आवास विकास में की जा चुकी है शिकायत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर में विकास करने के उद्देश्य से सड़कों के किनारे ग्रीन बेल्ट बनाई जाती है। लाखों करोड़ों रुपये पर्यावरण को सुरक्षित करने के लिये पेड़ पौधों को लगाने में खर्च होते हैं, लेकिन प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली के चलते सब कुछ बर्बाद हो जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा शास्त्री नगर के पॉश एरिया पीवीएस के सामने स्थित एच ब्लॉक और के ब्लॉक में देखने को मिला। यहां लोगों ने ग्रीन बैल्ट और सर्विस रोड पर अवैध रूप से पार्किंग कर रखी है,जिसे कोई देखने वाला नहीं है।

शास्त्रीनगर स्थित पीवीएस मॉल के सामने पुलिस चौकी के पास ही अवैध रूप से ग्रीन बेल्ट पर पार्किंग की जा रही है, जिसे कोई रोकने वाला नहीं है। शास्त्रीनगर तेजगढ़ी चौराहे से लेकर हापुड़ चुंगी तक रोड के दोनों ओर ग्रीन बैल्ट और सर्विस रोड का निर्माण किया गया है।
ग्रीन बेल्ट का निर्माण इसलिये किया जाता है, जिससे यहां पेड़ पौधों को लगाया जा सके। लेकिन पीवीएस के ठीक सामने स्थित ग्रीन बैल्ट पर अवैध रूप से गाड़ी पार्क की जाती है और बकायदा यहां ठेकेदार के द्वारा उनसे वसूली भी की जाती है। जिस कारण यहां हमेशा वाहनों की आवाजाही के हालात खराब रहते हैं। पार्किंग के साथ-साथ शाम होते ही यहां ठेलों का लगना भी शुरू हो जाता है।
सर्विस रोड पर भी वाहनों का निकलना मुश्किल
पीवीएस मॉल के ठीक सामने पीजा सेंटर है, जहां उनके वाहन सर्विस रोड पर ही खड़े रहते हैं जहां से अन्य लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। यही हाल तेजगढ़ी से लेकर हापुड़ चुंगी तक रहता है कहीं कहीं तो हालात बिल्कुल ही खराब हो जाते हैं। इसे लेकर कई बार सर्विस रोड के किनारे रहने वाले लोगों की ओर से संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की जाती रही है, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं होती।

