जनवाणी ब्यूरो |
रोहटा: बुधवार को चिंदौडी गांव में किसानों की आयोजित महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन नेता राकेश टिकैत जमकर सरकार के खिलाफ जहर उगला और कहा कि सरकार ने किसानों के साथ में आय दोगुनी करने के नाम पर छल कपट किया है। जिसे किसान कतई बर्दाश्त नहीं करेगा और इसके लिए किसान सरकार से भिड़ने को तैयार है। उन्होंने चीनी मिलों पर बकाया गन्ना भुगतान को लेकर भी हुंकार भरते हुए कहा कि यह सब सरकार की मिली जुली साजिश है।
मेरठ के कमिश्नर के खिलाफ भी झंडा बुलंद करते हुए कहा कि वे किसानों के विरुद्ध नीति लेकर सरकार से आए हैं।
बुधवार को रोहटा ब्लॉक के चिंदौडी गांव में आयोजित किसानों की महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन नेता राकेश टिकैत ने गरजते हुए कहा कि सरकार ने अपने घोषणा पत्र में किसानों को मुफ्त बिजली देने का वादा किया था। लेकिन सरकार ने किसानों के साथ छल और कपट करते हुए सबसे पहला कदम किसानों की ट्यूबेल पर मीटर लगाकर 10 हॉर्स पावर से 23 हॉर्स पावर का विद्युत कनेक्शन मंजूर कर के सबसे बड़े धोखा किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ छल कपट से काम करती है किसानों को दोगूनी आय करने के नाम पर सरकार ने धोखा देते हुए बर्बादी के कगार पर खड़ा कर दिया है, उन्होंने कहा कि चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपया बकाया है। खासतौर पर उन्होंने बजाज शुगर मिल के खिलाफ जहर उगलते हुए कहा कि यह ग्रुप सरकार की मिली जुली साजिश से किसानों की हजारों करोड़ों रुपए की रकम दबाए हुए बैठा, लेकिन सरकार किसानों की मेहनत के पैसे दिलाने के नाम पर धोखा दे रही है।

