जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: फुटबॉल में जब किसी टीम के खिलाड़ी को रेड कार्ड दिया जाता है तो विपक्षी टीम को बड़ा फायदा होता है। वह ज्यादा हमलावर हो जाती है और मैच करीब-करीब जीत लेती है, लेकिन रेड कार्ड मिलने के बाद भी कोई टीम जीत जाए तो उसकी काफी तारीफ होती है। ठीक वैसी ही तारीफ दक्षिम अफ्रीकी टीम को मिलनी चाहिए। युवा टीम के साथ उतरे डीन एल्गर ने कई गुना मजबूत भारतीय टीम को धूल चटा दी और ऐतिहासिक जीत हासिल की।
भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज 1-2 के अंतर से हार गई है। सीरीज शुरू होने से पहले कहा जा रहा था कि यह टीम इंडिया के लिए वहां पहली बार सीरीज जीतने का गोल्डन चांस है। अफ्रीकी टीम कमजोर है और टीम इंडिया उसे बुरी तरह रौंद देगी, लेकिन हुआ इसके उलट।
कमजोर दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय टीम को टेस्ट में हाल के समय में सबसे दर्दनाक हार दी है। पहले टेस्ट में शानदार जीत के बाद टीम इंडिया की गाड़ी पटरी से उतर गई। न तो बल्लेबाज चले और न ही गेंदबाज। जोहानिसबर्ग और केपटाउन में अफ्रीकी बल्लेबाजों ने हिम्मत से रन चेज करके यह दिखा दिया कि अनुभवहीन होने के बावजूद वो किसी से कम नहीं हैं।

