नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच मजबूती के साथ खुले। निवेशकों की सकारात्मक धारणा के चलते बाजार में शुरुआती घंटे में ही तेज़ी देखने को मिली, विशेषकर एफएमसीजी, आईटी और ऑटो सेक्टर में जोरदार खरीदारी दर्ज की गई।
सुबह करीब 9:29 बजे बीएसई सेंसेक्स 281.75 अंक या 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,233.74 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई निफ्टी भी 109.75 अंक या 0.45 प्रतिशत चढ़कर 24,719.45 के स्तर पर पहुंच गया।
विश्लेषकों के अनुसार, वैश्विक बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों के बावजूद घरेलू निवेशकों की उम्मीदें बनी हुई हैं, खासकर आगामी तिमाही नतीजों और आर्थिक नीतियों को लेकर। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो एफएमसीजी, सूचना प्रौद्योगिकी और ऑटोमोबाइल कंपनियों के शेयरों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
बाजार की मौजूदा चाल को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यही रुझान बना रहा तो निफ्टी और सेंसेक्स जल्द ही नए रिकॉर्ड स्तर छू सकते हैं।

