जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना का हमला तेज होता जा रहा है। सोमवार को 4281 लोगों की टेस्टिंग हुई और इसमें 137 पॉजिटिव निकले और एक कोरोना पीड़ित की मौत भी हो गई। कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 13 हजार को पार करते हुए 13076 तक पहुंच गया।
वहीं मरने वालों की संख्या भी 300 का आंकड़ा पार करते हुए 301 तक पहुंच गई। वहीं, सोमवार को 195 लोग पूरी तरह से ठीक होकर घर चले गए। अब तक 11372 लोग कोरोना से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। जबकि 1403 लोग विभिन्न अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।
सीएमओ डा राजकुमार ने बताया कि कम्युनिटी स्प्रैड के कारण परिवार के परिवार संक्रमित हो रहे है। संपर्क में आने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गंगा कालोनी में एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित हो गए। सरस्वती लोक दिल्ली रोड और यादव कालोनी भोला रोड पर कोरोना ने दो परिवारों को अपनी चपेट में ले लिया।
इसी तरह जुबली गंज बड़ा बाजार एक परिवार के चार लोग, मुकुंदी देवी धर्मशाला में रहने वाले दो लोग कोरोना पॉजिटिव हो गए। लख्मी विहार में दो संक्रमित मिलने से कालोनी में हड़कंप मच गया। शास्त्रीनगर में कोरोना का संक्रमण रुकने का नाम नहीं ले रहा है और रोज थोक के भाव संक्रमित निकल रहे हैं।
सुपरटेक ग्रीन विलेज, ऊंचा टीला शिवशक्ति नगर, पल्लवपुरम फेज बन, इंद्रा नगर ब्रह्मपुरी, जयदेवी नगर प्रीत विहार, शिव शंकर पुरी, मैनापूठी, आकांक्षा हाइट्स, ग्रीन स्टेट ए टू जेड, टीपी नगर शिवचौक में तीन लोग, पीएल शर्मा रोड में दो लोग, दौराला के कई गांवों में संक्रमण घुस गया है।
प्रभात नगर में एक ही परिवार के पांच लोग, विकास विहार मोहनपुरी में तीन लोग, बंसल विहार किला रोड, शास्त्रीनगर एफ ब्लॉक, छोटा रजबन बाजार, विक्टोरिया पार्क, काली माता मंदिर सदर में कोरोना संक्रमित निकला है। सीएमओ ने बताया कि गंगा नगर स्थित कृष्णा गार्डन में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
सरधना में तीन लोग कोरोना पॉजिटिव
क्षेत्र में कोराना का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को सरधना में तीन लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया। साथ ही उनके परिवार को भी होम क्वारंटाइन कर दिया गया।
सरधना में रोजाना हो रही जांच में लगातार केस बढ़ रहे हैं। दो-तीन केस रोजाना सामने आ रहे हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 151 लोगों की जांच कराई गई। जिसमें एक भामौरी गांव, एक कालंद गांव में पॉजिटिव निकला। इसके अलावा तहसील में एक कर्मचारी भी पॉजिटिव आया।
इस तरह कुल तीन केस सामने आए। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तीनों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया। साथ ही उनके परिवार को भी होम क्वारंटाइन कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग अब उनके संपर्क में आने वालों की जांच कराने की तैयारी में है। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा राजेश कुमार का कहना है कि तीन केस सामने आए हैं। उनके संपर्क में आने वालों की भी जांच कराई जाएगी।
परीक्षितगढ़ में महिला कांस्टेबल समेत तीन संक्रमित
सोमवार को सीएचसी पर कोरोना की जांच के दौरान एक महिला कांस्टेबल पॉजिटिव सहित तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा संदीप गौतम ने बताया कि सीएचसी पर 150 मरीजों की कोरोना जांच की गई है।
जिसमें थाने की महिला कांस्टेबल मंजू व नगर के मोहल्ला शिवचौक निवासी प्रमोद त्यागी गांव दुर्वेशपुर निवासी भूपेन्द्र सिंह पॉजिटिव मिले। कांस्टेबल को थाने में ही आइसोलेट कर दिया गया है।
मंगलवार को थाने में तैनात सभी पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर में मिष्ठान की दुकानों, धार्मिक स्थलों पर पूजा करने आए लोगों की कोरोना जांच की गई।

