जनवाणी संवाददाता |
किठौर: बलिया में प्रश्नपत्र प्रकटन मामले में हुई बड़ी कार्रवाई के बाद मेरठ जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है। गुरुवार को डीएम और एसएसपी ने किठौर क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था परखी। बुधवार को बलिया जिले में इंटरमीडिएट अंग्रेजी 316(ईडी) व 316(ईआई) का प्रश्नपत्र लीक हो गया था।
यह खबर चंद पलों में सोशल मीडिया के जरिए पूरे प्रदेश में फैल गई। इस मामले में गंभीर हुए शासन ने प्रशासनिक अधिकारियों से संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। जिसके बाद लापरवाही बरतने के आरोप में बलिया के जिला विद्यालय निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। और कई अधिकारियों पर भी गाज गिर गई। इससे सबक लेते हुए गुरुवार को मेरठ जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया।
डीएम के बालाजी और एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने इंटरमीडिएट इतिहास की परीक्षा के दौरान किठौर के जीजीआईसी, जीएम इंटर कालेज, स्टार अल-फलाह, सीबीएस, एससीएस, इंटर कालेज केवी इंटर कालेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था परखी। डीएम, एसएसपी के दौरे से परीक्षा केंद्रों पर हड़कंप मचा रहा। किसी भी केंद्र पर कोई अनियमितता नही पाई गई। दोनों अफसरों के जाने के बाद व्यवस्थापकों ने राहत की सांस ली।

