जनवाणी संवाददाता |
बिनौली: बड़ौत-मेरठ मार्ग पर शुक्रवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में कबाड़ व्यापारी और उसके 10 वर्षीय भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मेरठ जिले के खिवाई मोड़ के पास हुआ, जहां बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
कबाड़ का व्यवसाय करता था
हादसे में जान गंवाने वाला शकील (36), पुत्र मोहम्मद, मूल रूप से बिनौली का निवासी था और मेरठ की जाकिर कॉलोनी में रहकर कबाड़ का व्यवसाय करता था। वह नौ जुलाई को अपने बड़े भाई इंतजार के बेटे साजिद की शादी में शामिल होने के लिए मेरठ से अपने दो भतीजों – सेफ (10) और अमन (8) के साथ बाइक पर बिनौली आ रहा था।
तेज रफ्तार ने बाइक में मारी टक्कर
स्ते में खिवाई मोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में शकील और सेफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अमन को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मौके पर पहंची पुलिस
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसे से गांव और परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

