- देवबंद सीट से प्रबल दावेदार हैं राजेंद्र राणा के बेटे कार्तिकेय राणा
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: भावी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सपा नेताओं का अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलने का सिलिसला जारी है। पिछले दिनों युवा सपा नेता साहिल खान लखनऊ जाकर पूर्व सीएम अखिलेश यादव से मिले थे तो गत 20 जनवरी को पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजेंद्र राणा के बेटे कार्तिकेय राणा ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान कार्तिकेय की मां मीना राणा भी साथ थीं। सहारनपुर में सपा की स्थिति पर अखिलेश ने कार्तिकेय से रायशुमारी की।
बता दें कि विधान सभा चुनाव को लेकर लगभग सभी दलों में कसमसाहट देखी जा रही है। इस कड़ी में सपा नेता भी सक्रिय हो गए हैं। पिछले दिनों सदर के सपा विधायक संजय गर्ग के नेतृत्व में सपाइयों का एक दल अखिलेश यादव से मिला था।
बाद में नकुड़ सीट से टिकट के दावेदार साहिल खान भी अखिलेश यादव से मिले थे। इसी कड़ी में गत 20 जनवरी को युवा सपा नेता और देवबंद से टिकट के प्रबल दावेदार कार्तिकेय राणा भी लखनऊ जाकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले।
उन्होंने सहारनपुर की सियासत पर रायशुमारी की। बता दें कि कार्तिकेय राणा पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजेंद्र राणा के बेटे हैं। उनकी पहचान युवा नेता के रूप में है। कई मसलों पर कार्तिकेय जनता के लिए सरकारी मशीनरी से दो-दो हाथ कर चुके हैं। फिलहाल, वह अपने पिता की विरासत को संजोने और सियासत में नई पीढ़ी की नुमाइंदगी कर रहे हैं। कार्तिकेय देवबंद सीट से टिकट का आवेदन कर चुके हैं। अखिलेश यादव से मुलाकात में उन्हें ठोस आश्वासन मिलना बताया जा रहा है। फिलहाल, वह देवबंद विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों पूरी तरह सक्रिय हैं।

